उत्तराखंडदेश-विदेशयूथ कार्नरशिक्षा

देशभर के चयनित 79 शिक्षकों में से 16 को मिलेगा ‘इंडियाज बेस्ट टीचर्स अवॉर्ड्स’

देहरादून, 30 अगस्त। देशभर के सरकारी और निजी स्कूलों में कक्षा 9 से 12 तक पढ़ाने वाले 79 शिक्षकों का चयन शिव नाडर फाउंडेशन–ऑक्सफोर्ड सईद ‘इंडियाज बेस्ट टीचर्स अवॉर्ड्स 2026’ के राष्ट्रीय फाइनल के लिए किया गया है। पुरस्कार के पहले संस्करण के लिए 32 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से 9,400 से अधिक पंजीकरण प्राप्त हुए थे।

कई राज्यों से चयनित हुए हैं फाइनलिस्ट शिक्षक
फाइनल के लिए चयनित शिक्षक बिहार, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, तेलंगाना, गुजरात, उत्तर प्रदेश, सिक्किम, जम्मू-कश्मीर और मध्य प्रदेश समेत विभिन्न राज्यों से हैं। सभी फाइनलिस्ट तीन से पांच सितंबर के बीच ग्रेटर नोएडा पहुंचेंगे। प्रतियोगिता में बिजनेस स्टडीज एवं एंटरप्रेन्योरशिप, कंप्यूटर साइंस, इकोनॉमिक्स, इंग्लिश, एनवायरनमेंटल साइंस, जियोग्राफी, मैथमेटिक्स और फिजिक्स सहित आठ विषय श्रेणियां शामिल हैं।

4 सितंबर को शिव नाडर यूनिवर्सिटी में होगा राष्ट्रीय फाइनल
इन पुरस्कारों का उद्देश्य कक्षा में उत्कृष्ट शिक्षण, नवाचार, विद्यार्थियों पर प्रभाव तथा स्कूल और समुदाय में नेतृत्व के लिए शिक्षकों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान देना है। चयन प्रक्रिया में केवल शैक्षणिक योग्यता और अनुभव के बजाय शिक्षकों की विषय समझ, शिक्षण पद्धति, विद्यार्थियों की भागीदारी, मूल्यांकन एवं फीडबैक, समावेशी शिक्षा और सीखने के प्रभाव को भी आधार बनाया गया। राष्ट्रीय फाइनल चार सितंबर को शिव नाडर यूनिवर्सिटी, दिल्ली-एनसीआर में आयोजित किया जाएगा।

राष्ट्रीय फाइनल में शिक्षक विषय विशेषज्ञ जूरी के समक्ष अपने कार्य और शिक्षण पद्धतियों की प्रस्तुति देंगे। जूरी में ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय के शिक्षाविदों के साथ भारत के प्रमुख शिक्षाविद और शिक्षा विशेषज्ञ शामिल होंगे।

79 में से 16 शिक्षकों को मिलेगा पुरस्कार
राष्ट्रीय फाइनलिस्टों में से 16 शिक्षकों को विजेता चुना जाएगा। सरकारी और निजी स्कूलों के लिए अलग-अलग श्रेणियों तथा सभी आठ विषयों में शिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा। विजेताओं को पांच सप्ताह के हाइब्रिड पेशेवर विकास कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर मिलेगा। इसके बाद उन्हें ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय के सईद बिजनेस स्कूल में एक सप्ताह के विशेष आवासीय लर्निंग एंड डेवलपमेंट कार्यक्रम के लिए पूरी तरह वित्त पोषित छात्रवृत्ति भी प्रदान की जाएगी।

आयोजकों के अनुसार, पुरस्कारों का उद्देश्य केवल उत्कृष्ट शिक्षकों को सम्मानित करना नहीं, बल्कि उनके पेशेवर विकास में निवेश करना भी है, ताकि वे आगे अपने स्कूलों, सहकर्मियों और समुदायों में सकारात्मक बदलाव ला सकें।

Related Articles

Back to top button