डिग्री कालेज बिथ्याणी में हिंदी की विभागीय परिषद का गठन, छात्र-छात्राओं को मिली जिम्मेदारियां

यमकेश्वर, 2 सितंबर, 26. 1 सितंबर 2026 को महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय यमकेश्वर में हिंदी विषय के छात्र-छात्राओं की एक बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य हिंदी विषय की विभागीय परिषद का गठन करना था, ताकि हम अपने स्कूल, घर और दफ़्तर में बातचीत के लिए हिंदी का गर्व से प्रयोग करें।
परिषद में प्रीति को अध्यक्ष, सविता को उपाध्यक्ष चुना गया
बैठक में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। सर्वसम्मति से विद्यार्थियों का चयन विभागीय परिषद के विभिन्न पदों के लिए किया गया। परिषद में प्रीति को अध्यक्ष, सविता को उपाध्यक्ष, साक्षी को सचिव, खुशी को सह-सचिव तथा नेहा को कोषाध्यक्ष चुना गया।
परिषद का उद्देश्य विद्यार्थियों के अंदर साहित्यिक रुचि पैदा करना
विभागीय परिषद के गठन का उद्देश्य विद्यार्थियों में साहित्यिक एवं रचनात्मक अभिरुचि का विकास करना तथा उन्हें विभागीय गतिविधियों में सक्रिय रूप से सहभागी बनाना है। परिषद के माध्यम से हिंदी भाषा एवं साहित्य से संबंधित विभिन्न शैक्षणिक, साहित्यिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के आयोजन को बढ़ावा मिलेगा। हिंदी भाषा के विकास के लिए हमें दैनिक जीवन में इसका अधिकाधिक उपयोग करने के साथ-साथ सरकारी और शैक्षणिक स्तर पर भी इसे प्रोत्साहन देना चाहिए।
इस अवसर पर हिंदी विभागाध्यक्ष डॉ. पूजा रानी सहित विभागीय सदस्यों ने नवगठित परिषद के पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।



