‘नौकरी ढूंढने वाले नहीं, देने वाले बनें युवा’, बिथ्याणी डिग्री कालेज में देवभूमि उद्यमिता योजना पर कार्यशाला

यमकेश्वर, 16 सितंबर, 26. महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय बिथ्याणी में बुधवार को ‘देवभूमि उद्यमिता योजना’ के तहत एक दिवसीय ओरियंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं को उद्यमिता, स्वरोजगार, नवाचार और कौशल विकास के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना था।
उद्यमिता केवल रोजगार नहीं, रोजगार सृजन का माध्यम: डॉ. चौहान

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता एवं मेंटोर डॉ. देवेंद्र सिंह चौहान ने योजना के उद्देश्यों और गतिविधियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, “वर्तमान समय में उद्यमिता सिर्फ नौकरी पाने का विकल्प नहीं, बल्कि दूसरों के लिए रोजगार पैदा करने का एक सशक्त माध्यम है।” उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा और स्थानीय संसाधनों का उपयोग कर नए उद्यम स्थापित करने के लिए प्रेरित किया।
पारंपरिक सोच से आगे बढ़ें युवा: डॉ. तनुजा बिष्ट
कार्यक्रम की अध्यक्ष एवं प्रभारी प्राचार्य डॉ. तनुजा बिष्ट ने कहा कि ऐसे आयोजन छात्रों को पारंपरिक नौकरी की सोच से बाहर निकालकर नए अवसर तलाशने में मदद करते हैं। वहीं, आयोजन समिति के संयोजक डॉ. गिरिराज सिंह ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए विद्यार्थियों में उद्यमशीलता की भावना विकसित करने को समय की मांग बताया।
इस अवसर पर डॉ. विकास कुमार रंजन, विनय कुमार पाण्डेय, डॉ. नीरज नौटियाल, डॉ. सुनील प्रसाद, पूजा रानी, डॉ. हिमानी बडोनी एवं डॉ. केशव प्रसाद डबराल सहित महाविद्यालय के समस्त शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में डॉ गिरिराज सिंह ने सभी उपस्थित सदस्यों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।


