उत्तराखंडक्राइमबड़ी खबरसामाजिकस्वास्थ्य

कोटद्वार में तेज रफ्तार कार ने दो बच्चों को कुचला, 10 साल के वंश चौहान की मौत, जबकि दूसरा देहरादून रेफर

कोटद्वार, 4 अक्टूबर, 26. नगर क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है. घमंडपुर क्षेत्र में तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेल रहे दो बच्चों को कुचलते हुए एक वेडिंग प्वाइंट के भीतर जा घुसी. हादसे में 10 वर्षीय एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि दूसरा बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. परिजनों में कोहराम मच गया.

घमंडपुर स्थित वेडिंग प्वाइंट के बाहर खेल रहे थे बच्चे
जानकारी के मुताबिक, घमंडपुर स्थित एक वेडिंग प्वाइंट के बाहर दो बच्चे खेल रहे थे. इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही एक कार अचानक अनियंत्रित हो गई. कार सड़क किनारे से होते हुए वेडिंग प्वाइंट के भीतर जा घुसी. वहां मौजूद दोनों बच्चों को अपनी चपेट में ले लिया.

मृतक की पहचान वंश चौहान घमंडपुरर के रूप में हुई
हादसा इतना भीषण था कि दोनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए. आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल दोनों बच्चों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया. जहां चिकित्सकों ने 10 वर्षीय वंश चौहान (पुत्र संदीप कुमार नवासी दुर्गापुरी) को मृत घोषित कर दिया. वहीं हादसे में 12 वर्षीय लक्ष्य कुमार पुत्र प्रदीप कुमार गंभीर रूप से घायल हुआ है. उसकी हालत गंभीर होने के चलते चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर उपचार के लिए देहरादून रेफर कर दिया. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन में भी हड़कंप मच गया. सीओ अस्मिता ममगाईं पुलिस टीम के साथ अस्पताल पहुंचीं. घटना की जानकारी ली.

आरोपी कार चालक गिरफ्तार
वहीं विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भी अस्पताल पहुंचीं और हादसे में घायल बच्चे के उपचार तथा परिजनों से घटना की जानकारी ली. घटना के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस की ओर से आरोपी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है. हादसा किस वजह से हुआ और कार की गति कितनी थी, इसे लेकर पुलिस जांच कर रही है.

घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी पुलिस द्वारा खंगाली जा सकती है/ इस दर्दनाक हादसे में 10 वर्षीय वंश की मौत की खबर जैसे ही परिजनों को मिली, परिवार में कोहराम मच गया. वहीं लक्ष्य के गंभीर रूप से घायल होने के बाद उसके परिजन भी चिंतित हैं. हादसे के बाद घमंडपुर और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है. स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने और क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को और सख्त करने की मांग की है.

Related Articles

Back to top button