उत्तराखंडदेश-विदेशयूथ कार्नरशिक्षासामाजिक

गढ़वाल विवि फर्जी मार्कशीट मामले में निजी कंपनी में मैनेजर पद पर कार्यरत दिल्ली निवासी मनजीत गिरफ्तार

श्रीनगर गढ़वाल, 4 अक्टूबर, 26. एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय के नाम पर फर्जी अंकतालिका और डिग्री तैयार कर नौकरी हासिल करने के मामले में पौड़ी पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपी को दिल्ली के बसंत विहार से दबोचा है। आरोपी मनजीत पर गढ़वाल विश्वविद्यालय की फर्जी BBA की अंकतालिका मार्कशीट और डिग्री तैयार कराने का आरोप है। और इन्हीं फर्जी दस्तावेजों के आधार पर वह एक निजी कंपनी में मैनेजर के पद प नौकरी कर रहा था।

क्या है पूरा मामला?
मामले की शुरुआत 25 मार्च 2026 को हुई थी, जब हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय श्रीनगर के परीक्षा नियंत्रक जय सिंह चौहान ने कोतवाली श्रीनगर में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि कासिफ कलीम समेत अन्य लोगों ने विश्वविद्यालय के नाम, अंकतालिकाओं, उपाधि प्रारूपों और विश्वविद्यालय की मोहरों के साथ-साथ संबंधित अधिकारियों के फर्जी हस्ताक्षर तैयार किए हैं।

पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की
इन कथित कूटरचित दस्तावेजों का वास्तविक एवं प्रमाणिक अभिलेखों के रूप में विभिन्न स्थानों पर इस्तेमाल किए जाने की बात शिकायत में कही गई. शिकायत के आधार पर कोतवाली श्रीनगर में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 336(3), 336(4), 338 और 340(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की. मामले की गंभीरता को देखते हुए पौड़ी एसएसपी सर्वेश पंवार ने नामजद आरोपियों और अन्य संभावित संलिप्त लोगों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए.

दो आरोपियों को पहले ही किया जा चुका गिरफ्तार
इसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर और क्षेत्राधिकारी श्रीनगर तपेश कुमार के पर्यवेक्षण एवं कोतवाली श्रीनगर के प्रभारी निरीक्षक कुलदीप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई. पुलिस के मुताबिक, मामले में नामजद आरोपी कासिफ कलीम और जांच के दौरान सामने आए आरोपी देवांश पांडे को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है.

फर्जी दस्तावेज से निजी कंपनी में नौकरी कर रहा था नौकरी
इसके बाद पुलिस ने फर्जी दस्तावेज तैयार करने और उनका इस्तेमाल करने में अन्य लोगों की भूमिका की जांच शुरू की. जांच और सूचना संकलन के दौरान पुलिस को मनजीत सिंह (33 साल) की कथित संलिप्तता के संबंध में जानकारी मिली. पुलिस का दावा है कि मनजीत सिंह ने एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय की फर्जी बीबीए अंकतालिका और डिग्री तैयार की और इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर एक निजी कंपनी में मैनेजर के पद पर नौकरी कर रहा था.

दिल्ली से एक और आरोपी गिरफ्तार
पर्याप्त साक्ष्य जुटाने के बाद पुलिस टीम ने आरोपी मनजीत सिंह को बसंत विहार साउथ दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने बताया कि आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है. मामले में फर्जी शैक्षणिक दस्तावेज तैयार करने और उनके इस्तेमाल से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच जारी है.

Related Articles

Back to top button