उत्तराखंडदेश-विदेशबड़ी खबरयूथ कार्नरशिक्षासामाजिकस्वास्थ्य

देहरादून के फेमस क्लब ‘हांडी रेस्टोरेंट’ में कॉकरोच और चूहों का डेरा, बदबूदार मोमोज और चाउमीन भी पकड़ी

देहरादून, 13 अक्टूबर, 26. राजधानी देहरादून के प्रसिद्ध क्लब के रेस्टोरेंट में खाद्य सुरक्षा मानकों की गंभीर अनदेखी सामने आई है. संयुक्त टीम के औचक निरीक्षण में रेस्टोरेंट के रसोई घर और स्टोर रूम में कॉकरोच व चूहों की मौजूदगी, सड़ी-गली सब्जियां, बासी खाद्य सामग्री और बदहाल साफ-सफाई मिली. अनियमितताओं को देखते हुए रेस्टोरेंट को तत्काल प्रभाव से बंद करा दिया गया. साथ ही संचालक को 14 दिन का इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किया गया है.

इतने बड़े रेस्टोरेंट में अनियमितता मिलना बड़ी बात
देहरादून के प्रसिद्ध क्लब के रेस्टोरेंट में इस तरह की अनियमितताएं मिलना बड़ी गंभीर बात मानी जा रही हैं. क्योंकि इस क्लब में वीवीआईपी समेत कई गणमान्य अतिथियों का आवागमन रहता है. दरअसल, राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देहरादून के दिशा-निर्देश पर सचिव सीमा डुंगराकोटी और खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन की संयुक्त टीम ने मंगलवार को रेस्टोरेंट का औचक निरीक्षण किया था.

फ्रीजर में सड़ी सब्जियां, एक सप्ताह पुरानी मोमोज सामग्री
निरीक्षण के दौरान फ्रीजर में फूलगोभी, मूली, शिमला मिर्च, पत्तागोभी और आलू समेत कई सब्जियां सड़ी-गली अवस्था में मिलीं। लगभग दो दिन पुराने चावल, दो से तीन दिन पहले गूंथा गया आटा और करीब एक सप्ताह पुरानी मोमोज व चाउमीन बनाने की सामग्री भी मिली। खाद्य पदार्थ खुले बर्तनों में रखे गए थे। रसोई और मसाले रखने वाली अलमारी में कॉकरोच और चूहे पाए गए। मसालों की कई थैलियां चूहों ने कुतर रखी थीं। स्टोर रूम में भी चूहों की मौजूदगी मिली।

अलमारी में कॉकरोच व चूहे फांदते मिले
करीब दो दिन पुराने चावल, दो से तीन दिन पुराना गूंथा हुआ आटा और लगभग एक सप्ताह पुरानी मोमोज व चाउमीन की सामग्री भी पाई गई. खाद्य पदार्थ खुले बर्तनों में रखे हुए थे. रसोई घर और मसालों की अलमारी में कॉकरोच व चूहे मिले, जबकि कई मसालों की थैलियां चूहों ने कुतर रखी थीं. बर्तन धोने वाले क्षेत्र में तीन से चार दिन पुराने जूठे बर्तन और जमा कूड़ा-कचरा मिला. नालियां जाम थीं और ड्रेनेज सिस्टम भी खराब पाया गया.

खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजे
इसके अलावा कर्मचारियों की मेडिकल फिटनेस के अभिलेख, पेस्ट कंट्रोल कराने के प्रमाण और इस्तेमाल किए जा रहे पानी की जांच रिपोर्ट भी उपलब्ध नहीं कराई गई. टीम ने रेस्टोरेंट से पनीर, दूध और डीप फ्रीजर में रखी तैयार चिकन करी के नमूने जांच के लिए हैं. मौके पर पांच किलोग्राम बासी चावल, 15 किलोग्राम सब्जियां, दो किलोग्राम मोमोज और बासी चिकन करी नष्ट कराई गई. नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.

14 दिन में कमियां दूर करने के निर्देश
निरीक्षण में मिली खामियों के आधार पर रेस्टोरेंट संचालक अभय सिंह नेगी को 14 दिन का इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किया गया है. उन्हें परिसर की गहन सफाई कराने, खराब खाद्य सामग्री का निस्तारण करने, पेस्ट कंट्रोल कराने, नालियों और ड्रेनेज सिस्टम को दुरुस्त करने, पानी की गुणवत्ता की जांच कराने और कर्मचारियों की मेडिकल फिटनेस से जुड़े अभिलेख उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं. निर्धारित अवधि के बाद दोबारा निरीक्षण कर सुधार कार्यों की जांच की जाएगी. कमियां दूर नहीं होने पर रेस्टोरेंट का लाइसेंस निलंबित करने समेत अन्य वैधानिक कार्रवाई की जा सकती है.

शहर के प्रतिष्ठित क्लब में इस तरह की अनियमितताएं गंभीर चिंता का विषय है. यहां वीवीआईपी समेत कई गणमान्य अतिथियों का आवागमन रहता है. ऐसे में भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता के मानकों का पालन बेहद जरूरी है. आमजन के स्वास्थ्य और उपभोक्ताओं के हितों से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
– सीमा डुंगराकोटी, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण 

Related Articles

Back to top button