नन्हा जादूगर साहिल, पहले जीता आनंद महिंद्रा का दिल, अब सलमान खान को दिखाना चाहता है जादू

रामनगर, 29 अक्टूबर, 26. रेलवे बस्ती का नौ वर्षीय नन्हा जादूगर साहिल अब बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान व उद्योगपति आनंद महिंद्रा को अपना जादू दिखाना चाहता है। मूल रूप से जयपुर का रहने वाला साहिल वर्तमान में अपने परिवार के साथ रामनगर की रेलवे बस्ती में किराए के छोटी सी झोपड़ी में रहता है।
वह रामनगर व नैनीताल में लोगों को जादू दिखाता है और उससे मिलने वाले पैसे से घर की आजीविका चलाने में पिता की मदद करता है। साहिल पहली बार तब चर्चाओं में आया जब उद्योगपति आनंद महिंद्रा ने नैनीताल में दिखाए गए जादू का वीडियो देखकर ट्वीट कर उसे पढ़ाने की इच्छा जताई थी।
सुहानी साह ने शो में बुलाया था
इसके बाद प्रसिद्ध सुहानी साह ने भी साहिल व उसके पिता को अपने शो में बुलाया था। आनन्द महिंद्रा ने साहिल के घर अपनी टीम को भेजा था। लेकिन माता पिता ने साहिल को छोटा होने के कारण उस वक्त टीम के साथ मुंबई भेजने से इनकार कर दिया था। साहिल ने बताया कि वह फ़िल्म अभिनेता सलमान खान का प्रशंसक है।
सलमान खान को दिखाना चाहता है जादू
सलमान खान को वह अपने हाथ का जादू दिखाना चाहता है। अच्छी बात यह है कि साहिल अब एक स्कूल में पढ़ाई के लिए जाने लगा है। चार भाईयों व माता पिता समेत साहिल के परिवार में छह सदस्य हैं। साहिल ने अपने पिता से ही जादू सीखा था।
विराट कोहली जैसा क्रिकेटर बनने का सपना
साहिल जादू की दुनिया में पहचान बनाने के साथ ही विराट कोहली की तरह क्रिकेटर बनकर भारतीय टीम के लिए खेलना और देश का नाम रोशन करना चाहता है. रामनगर रेलवे स्टेशन के पास एक छोटे से किराए के जर्जर मकान में रहने वाले नौ वर्षीय साहिल की कहानी संघर्ष, प्रतिभा और उम्मीदों से भरी हुई है. छोटी उम्र में ही अपने पिता को जादू के करतब दिखाते देखकर साहिल ने हाथ की कलाकारी सीखनी शुरू कर दी थी. देखते ही देखते उसने कई करतब सीख लिए और पिता के साथ अलग-अलग जगहों पर लोगों का मनोरंजन करने लगा.
साहिल बोला मेरे भी थे 30 हजार फालोअर
साहिल ने बताया कि मेरी एक आईडी थी। जिसमें 30 हजार से अधिक फालोवर थे। लेकिन किसी ने मेरी आईडी हैक करके खराब कर दी। यदि बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान व आनंद महिंदा उसे बुला लें और मेरा जादू देख लें तो मेरे फॉलोवर भी बढ़ जाएंगे। कहा पिता भी जादूगर है, जो होटल में अपना जादू दिखाते हैं।
मूल रूप से राजस्थान का रहने वाला है साहिल का परिवार
साहिल के पिता रुखसान अली मूल रूप से राजस्थान जयपुर के रहने वाले हैं. वह अपने परिवार के साथ रामनगर में किराए के मकान में रहते हैं. परिवार में चार बच्चे हैं और साहिल तीसरे नंबर पर है. परिवार की आजीविका जादू के शो और करतबों से होने वाली कमाई पर निर्भर है.
साहिल मुंबई में भी दिखा चुका अपनी कला के करतब
पिता के मुताबिक साहिल ने महज तीन साल की उम्र से ही जादू के करतब दिखाने शुरू कर दिए थे. बचपन से पिता के साथ रहकर उसने इस कला को करीब से देखा और धीरे-धीरे कई करतब सीख लिए. अब नौ साल की उम्र में वह अपने पिता के साथ विभिन्न स्थानों पर जादू करता है. वह मुंबई और विशाखापट्टनम जैसे शहरों में भी अपनी कला का प्रदर्शन कर चुका है. सुहानी शाह के कार्यक्रम में भी अपनी प्रतिभा दिखा चुका है.



