उत्तराखंडयूथ कार्नरसामाजिकस्वास्थ्य

27 नवंबर को उत्तराखंड के कर्मचारी भरेंगे हुंकार, देहरादून में एसीपी बहाली के लिए होगा ‘महा प्रदर्शन’

देहरादून, 15 नवम्बर, 26. राज्य कर्मचारियों को पूर्व की भांति 10, 16 और 26 वर्ष की सेवा पर तीन पदोन्नत वेतनमान (एसीपी) ACP का लाभ बहाल करने की मांग को लेकर कर्मचारी आंदोलन तेज होने जा रहा है। इस मांग के समर्थन में 27 नवंबर को देहरादून में रैली आयोजित की जाएगी। रैली को सफल बनाने के लिए राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद ने प्रदेशव्यापी लामबंदी शुरू कर दी है।

प्रदेशव्यापी लामबंदी शुरू
परिषद के प्रांतीय अध्यक्ष अरुण पांडेय की अध्यक्षता में आयोजित आनलाइन बैठक में सभी जनपदों के पदाधिकारियों और विभिन्न घटक संगठनों के प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया। बैठक में रैली की तैयारियों और आंदोलन की आगामी रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।

परिषद के पदाधिकारियों ने कहा कि एसीपी बहाली संयुक्त मोर्चा का आंदोलन पूरी तरह एक सूत्रीय है। कर्मचारियों को पूर्व की भांति तीन पदोन्नत वेतनमान ACP का लाभ मिलना चाहिए। पांच नवंबर को कर्मचारी प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव से मिलकर ज्ञापन सौंप चुका है।

मुख्यमंत्री ने सचिव मुख्यमंत्री विनय शंकर पांडेय को कर्मचारी संगठनों के साथ बैठक करने के निर्देश भी दिए थे, लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इससे कर्मचारियों में नाराजगी है। बैठक में निर्णय लिया गया कि सभी जनपदों और उपशाखाओं में बैठकें कर जनजागरण अभियान चलाया जाएगा।

सरकारी कार्यालयों में कर्मचारियों से संपर्क कर उन्हें रैली में शामिल होने के लिए प्रेरित किया जाएगा। बैठक का संचालन प्रांतीय महामंत्री शक्ति प्रसाद भट्ट ने किया। परिषद के प्रदेश प्रवक्ता हर्ष जोशी ने बताया कि सभी 13 जिलों के प्रतिनिधियों ने 27 नवंबर की रैली को सफल बनाने के लिए अधिकाधिक कर्मचारियों की भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया है।

Related Articles

Back to top button