
देहरादून, 15 नवम्बर, 26. रसोई में इस्तेमाल होने वाले LPG गैस सिलेंडर का स्वरूप अब जल्द बदलने जा रहा है. अब भारी लोहे के सिलेंडर की जगह हल्के प्लास्टिक कंपोजिट सिलेंडर ले लेंगे. इन सिलेंडरों में न तो जंग लगने की समस्या होगी और न ही इन्हें एक जगह से दूसरी जगह ले जाने में कोई परेशानी होगी. इतना ही नहीं, सुरक्षा के लिहाज से भी इन्हें बेहतर विकल्प के तौर पर देखा जा रहा है. खास बात ये है कि गैस बुकिंग और डिलीवरी की व्यवस्था में भी बदलाव होगा. इसमें बुकिंग के चार घंटे के भीतर सिलेंडर मिल सकेगा. साथ ही महीने में एक सिलेंडर लेने की बाध्यता खत्म होने से उपभोक्ता जरूरत के मुताबिक सिलेंडर ले सकेंगे.
आपकी रसोई में अब तक इस्तेमाल होने वाले भारी-भरकम लोहे के गैस सिलेंडर की जगह जल्द ही हल्के और पारदर्शी सिलेंडर लेने की तैयारी है. गैस सिलेंडर के इस्तेमाल से जुड़ी कई ऐसी परेशानियां हैं, जिनका सामना उपभोक्ताओं को अक्सर करना पड़ता है. कभी सिलेंडर का वजन उठाने की दिक्कत तो कभी गैस खत्म होने का पता नहीं चलना, कभी समय पर डिलीवरी न होना तो कभी गैस चोरी की शिकायत. लेकिन अब इन परेशानियों को दूर करने के लिए बाजार में प्लास्टिक से बने स्मार्ट गैस सिलेंडर को उतारा गया है. इंडेन की ओर से इसे एक्स्ट्रा लाइट नाउ (XtraLight Now) नाम दिया गया है. यह सिलेंडर न केवल वजन में हल्का है, बल्कि इसमें कई ऐसी खूबियां भी हैं, जो इसे पारंपरिक लोहे के सिलेंडर से अलग बनाती है.
भारी सिलेंडर की जगह लेगा हल्का सिलेंडर
अभी तक घरों में इस्तेमाल होने वाले लोहे के गैस सिलेंडर को एक जगह से दूसरी जगह ले जाना आसान नहीं होता. खासकर महिलाओं और बुजुर्गों के लिए सिलेंडर को उठाना और रसोई तक पहुंचाना, कई बार मुश्किल हो जाता है. लोहे के घरेलू सिलेंडर का कुल वजन गैस समेत करीब 30 किलोग्राम (14 किलो गैस शामिल) तक पहुंच जाता है. इसके मुकाबले एक्स्ट्रालाइट प्लास्टिक कंपोजिट सिलेंडर काफी हल्का है. इसमें 10 किलोग्राम गैस भरी जा सकती है, जबकि खाली सिलेंडर का वजन करीब 6 किलोग्राम है. यानी गैस समेत इसका कुल वजन करीब 16 किलोग्राम होगा.
कम वजन होने के कारण इसे उठाना और एक जगह से दूसरी जगह ले जाना भी आसान होगा. गैस गोदाम से घर तक सिलेंडर पहुंचाने वाले डिलीवरी कर्मचारियों के लिए भी यह काफी सुविधाजनक साबित हो सकता है. यही वजह है कि गैस कंपनियां भी अब इस नए विकल्प को उपभोक्ताओं के बीच लोकप्रिय बनाने में जुटी हैं.
पारदर्शी सिलेंडर से पता चलेगा कितनी बची है गैस
इस सिलेंडर की सबसे खास खूबियों में से एक इसका पारदर्शी होना है. अभी तक लोहे के सिलेंडर में गैस कितनी बची है, इसका पता लगाने का कोई आसान तरीका उपभोक्ताओं के पास नहीं होता. कई बार खाना बनाते समय अचानक गैस खत्म हो जाती है और इसके कारण परेशानी उठानी पड़ती है. लेकिन प्लास्टिक के इस सिलेंडर में गैस का स्तर बाहर से ही देखा जा सकेगा. इसकी पारदर्शी बॉडी और विशेष पैनल की मदद से उपभोक्ता यह देख पाएंगे कि सिलेंडर में कितनी गैस बची हुई है. इससे पहले से ही अंदाजा लगाया जा सकेगा कि सिलेंडर कब तक चलेगा और अगली बुकिंग कब करानी है. इस सुविधा से गैस की मात्रा को लेकर होने वाली शिकायतों और आशंकाओं को भी कम करने में मदद मिलेगी.
तीन परतों से तैयार किया गया है सिलेंडर
इस सिलेंडर को केवल प्लास्टिक का एक साधारण डिब्बा समझना गलत होगा. इसे तीन अलग-अलग परतों से तैयार किया गया है. इसकी पहली परत हाई डेंसिटी पॉलीथीन की होती है. यह सिलेंडर के अंदर मौजूद गैस को सुरक्षित रखने वाली मुख्य परत है. इसे ब्लो मोल्डिंग तकनीक से तैयार किया जाता है। दूसरी परत कंपोजिट मटेरियल की होती है, जिसमें फाइबर ग्लास को विशेष पॉलिमर और एपॉक्सी रेजिन के साथ लपेटकर तैयार किया जाता है. यही परत सिलेंडर को मजबूती देती है और गैस के दबाव को सहने में अहम भूमिका निभाती है। तीसरी और बाहरी परत भी हाई डेंसिटी पॉलीथीन की होती है. यह सिलेंडर को बाहर से सुरक्षा देने के साथ उसके वाल्व और अंदरूनी हिस्सों को भी सुरक्षित रखने में मदद करती है. इस तरह तीन परतों से तैयार यह कंपोजिट सिलेंडर हल्का होने के साथ मजबूती के लिहाज से भी विशेष तकनीक पर आधारित है.
जंग नहीं लगेगा, रसोई भी रहेगी साफ
लोहे के सिलेंडर के साथ एक आम परेशानी जंग लगने की भी है. कई बार सिलेंडर के निचले हिस्से में जंग लग जाती है, जिससे रसोई के फर्श पर निशान पड़ जाते हैं. सिलेंडर को एक जगह से दूसरी जगह खिसकाने पर भी फर्श गंदा होने की शिकायत रहती है.
गैस रिसाव होने पर धमाके का खतरा कम करने वाली तकनीक
इस सिलेंडर को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा इसकी सुरक्षा को लेकर है. पारंपरिक लोहे के सिलेंडर में आग या अत्यधिक गर्मी की स्थिति में दबाव बढ़ने पर सिलेंडर फटने जैसी गंभीर घटनाएं सामने आती रही हैं. वहीं कंपोजिट सिलेंडर की बनावट इस तरह की गई है कि अत्यधिक दबाव की स्थिति में इसके टूटने का तरीका पारंपरिक लोहे के सिलेंडर से अलग होता है. इससे अचानक धमाके के साथ धातु के टुकड़े, फैलने का खतरा कम करने में मदद मिलती है.
हालांकि इसका मतलब यह नहीं है कि गैस रिसाव या आग लगने की स्थिति में कोई खतरा ही नहीं रहेगा. गैस का रिसाव होने पर आग लगने और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. ऐसे में उपभोक्ताओं को गैस सुरक्षा से जुड़े सामान्य नियमों का पालन करना जरूरी होगा. सिलेंडर की सुरक्षा को लेकर इसकी तीन परतों वाली तकनीक को इसकी एक बड़ी विशेषता माना जा रहा है.
बुकिंग के चार घंटे में घर पहुंचेगा सिलेंडर
इस नए सिलेंडर की एक और बड़ी खासियत इसकी डिलीवरी व्यवस्था है. आमतौर पर घरेलू गैस सिलेंडर की बुकिंग के बाद उपभोक्ताओं को डिलीवरी के लिए इंतजार करना पड़ता है. कई बार समय पर सिलेंडर नहीं पहुंचने से घरों में खाना बनाने तक की समस्या खड़ी हो जाती है. खासकर जब घर में दूसरा सिलेंडर उपलब्ध न हो तो परेशानी और बढ़ जाती है.
लेकिन ‘एक्स्ट्रालाइट नाउ’ को फ्री ट्रेड एलपीजी व्यवस्था के तहत बाजार में उतारा गया है. इसमें कनेक्शन लेने और सिलेंडर की आपूर्ति हासिल करने की प्रक्रिया को आसान बनाया गया है. इस सिलेंडर की बुकिंग के बाद चार घंटे के भीतर घर तक डिलीवरी करने की व्यवस्था बताई जा रही है. इसके लिए गैस एजेंसियों को भी डिलीवरी के काम में प्रोत्साहित करने की व्यवस्था की गई है. यानी उपभोक्ताओं को सिलेंडर के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा.
इस व्यवस्था में उपभोक्ताओं को पारंपरिक घरेलू सिलेंडर की तरह निर्धारित बुकिंग अंतराल का इंतजार नहीं करना होगा. यानी जरूरत के हिसाब से दोबारा रिफिल लिया जा सकेगा. एक महीने में कितने सिलेंडर लेने हैं, इसकी भी पहले जैसी 20 दिन की बाध्यता नहीं रहेगी. उपभोक्ता जरूरत पड़ने पर कभी भी बुकिंग कर सकते हैं और उपलब्धता के अनुसार सिलेंडर की आपूर्ति हासिल कर सकते हैं.
कनेक्शन लेना भी आसान, जितने चाहें उतने सिलेंडर
प्लास्टिक के इस सिलेंडर को लेने के लिए उपभोक्ताओं को लंबी कागजी प्रक्रिया से नहीं गुजरना होगा. इंडेन की इस व्यवस्था में पहचान पत्र के आधार पर कनेक्शन लिया जा सकता है. इसके लिए स्थानीय पते का प्रमाण देना भी जरूरी नहीं रखा गया है. उपभोक्ता अपनी जरूरत के हिसाब से एक से अधिक सिलेंडर भी ले सकते हैं.
इसकी एक और खासियत यह है कि उपभोक्ता दूसरे शहर में जाने पर भी उपलब्धता के आधार पर सिलेंडर को अपने साथ ले जा सकते हैं और वहां किसी दूसरे अधिकृत डिस्ट्रीब्यूटर या बिक्री केंद्र से रिफिल करा सकते हैं. इस तरह बार-बार एक ही गैस एजेंसी पर निर्भर रहने की जरूरत भी कम होगी. यह सुविधा उन लोगों के लिए भी उपयोगी हो सकती है, जिन्हें काम या अन्य कारणों से अलग-अलग शहरों में आना-जाना पड़ता है.
2700 रुपए और टैक्स देकर मिलेगा कनेक्शन
अब बात करें इसकी कीमत की तो लोहे के सिलेंडर के मुकाबले प्लास्टिक का यह सिलेंडर कुछ महंगा पड़ेगा. इसके लिए उपभोक्ता को करीब 2700 रुपए और जीएसटी देकर सिंगल सिलेंडर का कनेक्शन लिया जा सकता है. 10 किलोग्राम गैस वाले इस सिलेंडर को रिफिल कराने की कीमत स्थानीय स्तर पर करीब 1500 रुपए होगी.
खास बात यह है कि फिलहाल इस ‘एक्स्ट्रालाइट नाउ’ सिलेंडर को फ्री ट्रेड एलपीजी श्रेणी में पेश किया गया है. इसमें सामान्य घरेलू सब्सिडी वाली व्यवस्था लागू नहीं होगी और गैस की कीमत व्यावसायिक दरों के अनुसार चुकानी होगी. इसका इस्तेमाल घरेलू जरूरत के साथ-साथ व्यावसायिक उपयोग के लिए भी किया जा सकता है.
अब लोहे के LPG गैस के नए कनेक्शन बंद
इस नए विकल्प को बढ़ावा देने के लिए फिलहाल लोहे के सिलेंडर वाले नए कनेक्शन बंद किए जाने की जानकारी दी जा रही है. ऐसे में जो उपभोक्ता नया कनेक्शन लेना चाहते हैं, उनके पास प्लास्टिक कंपोजिट सिलेंडर का विकल्प उपलब्ध है. हालांकि पहले से लोहे के सिलेंडर इस्तेमाल कर रहे उपभोक्ताओं को इसे अपनाने के लिए बाध्य नहीं किया जा रहा है. कंपनी का प्रयास है कि धीरे-धीरे उपभोक्ता इस नए सिलेंडर की खूबियों को समझें और अपनी जरूरत के अनुसार इसका इस्तेमाल करें.
उपभोक्ताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस नए सिलेंडर को बाजार में लाया गया है. इसकी सबसे बड़ी खासियत इसका हल्का वजन और पारदर्शी होना है. इससे उपभोक्ताओं को गैस की उपलब्ध मात्रा का पता चलता रहेगा. साथ ही इसकी डिलीवरी और रिफिल की प्रक्रिया को भी पहले से ज्यादा सुविधाजनक बनाया गया है. कंपनी को उम्मीद है कि आने वाले समय में उपभोक्ता इस नए विकल्प का ज्यादा से ज्यादा लाभ लेंगे.
-स्वर्ण सिंह, डिविजनल एलपीजी सेल्स हेड, इंडियन ऑयल
वहीं स्थानीय महिलाओं की मानें तो गैस सिलेंडर को लेकर सबसे ज्यादा परेशानी तब होती है, जब अचानक गैस खत्म हो जाती है या बुकिंग के बाद समय पर सिलेंडर घर नहीं पहुंचता. कई बार सिलेंडर में कितनी गैस बची है, इसका अंदाजा भी नहीं लग पाता. यही नहीं मौजूदा स्थिति में सिलेंडर से गैस चोरी की भी शिकायतें रहती हैं जिससे उपभोक्ता परेशान रहते हैं.
रसोई में इस्तेमाल होने वाले LPG गैस सिलेंडर का यह नया विकल्प उपभोक्ताओं की कई पुरानी परेशानियों को दूर करने की कोशिश है. हल्का वजन, गैस की मात्रा देखने की सुविधा, जंग से छुटकारा और तेज डिलीवरी जैसी खूबियां इसे खास बनाती है. हालांकि इसकी कीमत और व्यावसायिक दर पर मिलने वाली गैस उपभोक्ताओं के लिए विचार का विषय हो सकती है. ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि सुविधा के इस नए विकल्प को आम उपभोक्ताओं का कितना समर्थन मिलता है और क्या आने वाले समय में यह पारंपरिक लोहे के सिलेंडर की जगह लेने में कामयाब हो पाता है.



