
स्पोर्ट्स डेस्क, 15 नवम्बर, 26. भारत के स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन ने जापान में इतिहास रच दिया है. वो 2023 में शुरू हुए कुमामोटो मास्टर्स टूर्नामेंट जीतने वाले पहले भारतीय बन गए हैं. रविवार को खेले गए फाइनल मैच में उन्होंने शानदार खेल का प्रदर्शन किया और पहला सेट हारने के बाद लगाता दो सेट जीतकर खिताब अपने नाम कर लिया.
एक घंटे और चार मिनट तक चले मैच में लक्ष्य ने जापान के कोकी वातानाबे को 13-21, 21-18, 21-14 से मात दी. वातानाबे ने मजबूत शुरुआत की और पहला गेम 21-13 से जीत लिया. दूसरे गेम में लक्ष्य ने खुद को संभाला और 13-10 की बढ़त बनाई. इसके बाद उन्होंने लगातार छह अंक हासिल करके नौ अंकों की बड़ी बढ़त ले ली. हालांकि, वातानाबे ने भी लगातार सात अंक जीतकर अंतर को 19-17 कर दिया. लेकिन सेन ने 21-18 से दूसरा सेट जीतकर मैच को निर्णायक गेम तक पहुंचा दिया.
निर्णायक गेम में, शुरुआत में दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली. हालांकि, 5-5 के स्कोर के बाद लक्ष्य ने धीरे-धीरे बढ़त बनानी शुरू की और इंटरवल तक 11-7 की लीड ले ली. इसके बाद उन्होंने आसानी से 21-14 से जीत हासिल कर ली.
लगातार दूसरा खिताब
ये लक्ष्य का बीडब्ल्यूएफ टूर सुपर 500 में लगातार दूसरा खिताब है. इससे पहले उन्होंने इस महीने की शुरुआत में जर्मनी में ‘हाइलो ओपन’ जीता था. खास बात ये है कि ये लक्ष्य के करियर में पहली बार है जब उन्होंने एक ही सीजन में दो BWF वर्ल्ड टूर खिताब जीते हैं. कुल मिलाकर, यह उनका छठा BWF वर्ल्ड टूर खिताब है. यह सेन के लिए इस साल का तीसरा BWF टूर फाइनल था. इससे पहले, मार्च में वे ऑल इंग्लैंड ओपन में उपविजेता रहे थे और उसके बाद उन्होंने लगातार दो सुपर 500 खिताब जीते थे.
इस लय को आगे भी बरकरार रखना चाहूंगा
उत्तराखंड के अल्मोड़ा के रहने वाले 25 वर्षीय लक्ष्य ने मैच के बाद कहा, ‘यहां खिताब जीतकर बहुत अच्छा लग रहा है. मैं यहां पिछले साल सेमीफाइनल तक पहुंचा था. मुझे खुशी है कि मैं पिछली बार से बेहतर प्रदर्शन कर पाया. यह मेरा लगातार दूसरा खिताब है. मैं इस लय को आगे भी बरकरार रखना चाहूंगा. मुश्किल परिस्थितियों के बावजूद अपना आत्मविश्वास बनाए रखना ही सबसे महत्वपूर्ण था. कई मैचों में मैंने एक गेम से पिछड़ने के बाद वापसी की. मैंने खुद पर भरोसा बनाए रखा और कभी हार नहीं मानी। मेरा ध्यान अब हांगकांग में होने वाले टूर्नामेंट पर है.’



