उत्तराखंडक्राइमदेश-विदेशबड़ी खबरशिक्षा

बीएससी की छात्रा से छेड़छाड़ के आरोप में प्राध्यापक को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, पुलिस ने बचाया, शिक्षक ने माफी मांगी

हल्द्वानी, 16 नवम्बर, 26. हल्द्वानी एमबीपीजी कॉलेज में बीएससी की छात्रा ने प्राध्यापक पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया। छात्रा ने इसकी शिकायत पॉश कमेटी से की थी। सोमवार को मामला उजागर हो गया और छात्रा के सहपाठियों को इसकी भनक लग गई। इस पर उन्होंने कॉलेज परिसर में प्राध्यापक को घेर लिया। उसके बाद दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। सूचना पर पुलिस पहुंच गई और प्राध्यापक को छात्रों के चुंगल से छुड़ाया। उसके बाद आरोपी शिक्षक व छात्रा को कोतवाली ले गई। शिक्षक ने माफी मांगी। उसके बाद छात्रा ने प्राथमिकी दर्ज कराने से इन्कार कर दिया है।

पुलिस के अनुसार, छात्रा का आरोप था कि तीन नवंबर को विभाग में प्राध्यापक ने उसे गलत तरीके से छुआ। इसकी शिकायत 14 नवंबर को उसने पॉश कमेटी से की थी। सोमवार को छात्रा ने एक सहपाठी को यह बात बताई तो कुछ ही देर में अन्य सहपाठियों को इसकी भनक लग गई जिससे वे उग्र हो गए। सहपाठी और छात्र नेताओं ने दोपहर में कॉलेज परिसर में आरोपी शिक्षक को घेर लिया। कहासुनी के बाद नौबत हाथापाई तक पहुंच गई। शिक्षक को कॉलेज परिसर में दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया।

सूचना पर पुलिस पहुंची और मामला शांत कराकर दोनों पक्षों को कोतवाली ले गई। छात्रों ने खूब नारेबाजी की।इस बीच छात्रा ने प्राथमिकी दर्ज कराने से इन्कार कर दिया। उसका कहना था कि मामला दर्ज होने के बाद उसे आगामी प्रयोगात्मक परीक्षा में समस्या हो सकती है। कुछ देर की बातचीत के बाद शिक्षक ने लिखित माफीनामा दिया। शिक्षक का कहना था कि उनका कोई गलत इरादा नहीं था, छात्रा को गलतफहमी हुई है।

छात्रा की तरफ से लिखित शिकायत नहीं मिली है। छात्रा की काउंसलिंग कराई गई। मौखिक शिकायत के आधार पर महिला दारोगा जांच कर रही हैं। शिक्षक ने माफीनामा लिख दिया है।
-डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी क्राइम

कार्यस्थल पर महिलाओं का लैंगिक उत्पीड़न अधिनियम (पॉश) कमेटी और अन्य प्राध्यापकों के साथ बैठक की गई है। छात्रा ने पॉश कमेटी को लिखित शिकायत दी है। समिति मामले की जांच कर रही है। कुछ अराजक तत्वों ने प्राध्यापक की पिटाई कर दी। यह अराजक तत्व छात्र हैं या कोई बाहरी व्यक्ति, इसकी जांच की जाएगी। समिति जल्द अपनी रिपोर्ट सौंपेगी। जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
-डॉ. एमपी सिंह, प्रभारी प्राचार्य एमबीपीजी कॉलेज

Related Articles

Back to top button