उत्तराखंडबड़ी खबरयूथ कार्नरसामाजिकस्वास्थ्य

आउटसोर्स कर्मियों के अनिश्चितकालीन धरना शुरू, हरक सिंह रावत बोले जायज मांग को पूरा करे सरकार

आउटसोर्स कर्मचारियों का अनिश्चितकालीन धरना शुरू, समर्थन देने पहुंचे हरक सिंह रावत, सरकार को चेतावनी

देहरादून, 23 नवम्बर, 26. समान कार्य-समान वेतन और विभिन्न विभागों से हटाए गए कर्मचारियों की बहाली की मांग को लेकर सोमवार को प्रदेशभर के आउटसोर्स कर्मचारियों ने एक बार फिर से परेड ग्राउंड के बाहर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है. कर्मचारियों का आरोप है कि पूर्व में सरकार की ओर से उनकी मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस प्रगति नहीं हुई. तो वहीं पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत धरने पर बैठे कर्मियों के आंदोलन को अपना समर्थन देने पहुंचे.

इसी के विरोध में कर्मचारियों को दोबारा आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ा. प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने कहा कि प्रदेश के अलग-अलग विभागों से बड़ी संख्या में कर्मचारी आंदोलन में शामिल हुए हैं. उनकी प्रमुख मांग है कि आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए भी समान कार्य-समान वेतन की नीति लागू की जाए और जिन कर्मचारियों को विभिन्न विभागों से हटाया गया है, उन्हें दोबारा बहाल किया जाए. संयुक्त मोर्चा आउटसोर्स कर्मचारी संघ के अध्यक्ष मंगलेश लखेड़ा ने कहा कि, मुख्यमंत्री की ओर से उन्हें न्याय दिलाने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन शासन और प्रशासन की तरफ से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया.

आखिर सरकार कब तक हमारी मांगों को नजरअंदाज करती रहेगी. हम भी इसी प्रदेश के निवासी हैं और हमारे भी परिवार हैं. जब प्रदेश में अन्य कर्मचारियों के लिए समान कार्य-समान वेतन की व्यवस्था है तो आउटसोर्स कर्मचारियों के साथ भेदभाव क्यों किया जा रहा है? एक ही प्रदेश में कर्मचारियों के लिए दो अलग-अलग नीतियां नहीं चल सकतीं.
-मंगलेश लखेड़ा, अध्यक्ष, संयुक्त मोर्चा आउटसोर्स कर्मचारी संघ

प्रदर्शनकारियों ने यह भी कहा कि पुलिस प्रशासन की ओर से धरना स्थल को लेकर आपत्ति जताई गई, लेकिन अपनी मांगों को उठाना उनका अधिकार है. इस दौरान कर्मचारियों ने अन्य विभागों के आंदोलनरत कर्मचारियों को भी समर्थन दिया. उन्होंने आरोप लगाया कि अपने हक और समान वेतन की मांग कर रहे कर्मचारियों के साथ मारपीट और लाठीचार्ज किया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है.

इधर, हरक सिंह रावत ने कहा कि, यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि उत्तराखंड के हजारों युवा विभिन्न सरकारी विभागों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें उनके श्रम के अनुरूप मानदेय, सम्मानजनक सुविधा और भविष्य की सुरक्षा नहीं मिल पा रही है. राज्य के युवाओं का आउटसोर्सिंग के नाम पर लगातार शोषण किया जा रहा है, जो किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं हो सकता है. उन्होंने आउटसोर्स कर्मचारी का शोषण बंद किए जाने की मांग उठाई है, साथ ही सरकार से आउटसोर्स कर्मियों की जायज मंगू का तत्काल समाधान किए जाने की मांग की है.

उनकी आवाज को दबाने का प्रयास नहीं किया जाना चाहिए. अगर सरकार ने समय रहते उनकी मांगों पर कोई निर्णय नहीं लिया तो कांग्रेस इस मुद्दे पर प्रदेशव्यापी आंदोलन करेगी.
-हरक सिंह रावत, कांग्रेस नेता

Related Articles

Back to top button