
कोटद्वार, 23 नवम्बर, 26. गुजरात के कच्छ जिले में शनिवार रात एक भीषण सड़क हादसे में पौड़ी गढ़वाल जनपद के कोटद्वार निवासी तीन सैनिक परिवारों के सात सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई थी. मृतकों में दो सैनिक भी शामिल हैं. कच्छ में हुए भीषण सड़क हादसे में जान गंवाने वाले कोटद्वार निवासी सैन्य परिवार के सातों सदस्यों के पार्थिव शरीर सोमवार सुबह कोटद्वार पहुंचाए गए. सातों पार्थिव शरीर कौड़िया स्थित आर्मी कैंप लाए गए. यहां से सैन्य सम्मान और परिजनों की मौजूदगी में उन्हें उनके घरों तक पहुंचाया गया.
मरने वालों में सौरभ सिंह नेगी एवं राजेश सिंह रावत द्वितीय गढ़वाल राइफल के जवान थे, जो इन दिनों भुज में तैनात थे. मृतक सैनिक सौरभ सिंह नेगी और सैनिक राजेश सिंह रावत के पार्थिव शरीर को सेना की विशेष गाड़ी से उनके निवास स्थानों तक ले जाया गया, जहां उन्हें सैन्य अधिकारियों, प्रशासन और राजनीतिक नेताओं ने श्रद्धांजलि दी. मृतक सैनिक राजेश सिंह रावत सिंबलचौड़ निवासी थे, जबकि दूसरे मृतक सैनिक ध्रुवपुर निवासी थे. उनकी अंतिम विदाई में क्षेत्र के सैकड़ों की संख्या में लोग उपस्थित रहे.
गुजरात हादसे में जान गंवाने वाले सातों लोगों के पार्थिव शरीर कोटद्वार लाए गए
इसके बाद गमगीन माहौल में अंतिम यात्रा शुरू हुई. नायक राजेश सिंह रावत का पार्थिव शरीर अंतिम संस्कार के लिए उनके आवास से मुक्तिधाम रवाना किया गया. इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भी मौके पर पहुंचीं. उन्होंने दिवंगत राजेश सिंह रावत के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और इस दुख की घड़ी में संवेदनाएं व्यक्त कीं. वहीं, अन्य मृतकों के पार्थिव शरीरों का अंतिम दर्शन कराने के बाद कोटद्वार के मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार किया गया.
बेहद गमगीन माहौल में शुरू हुई अंतिम यात्रा
इस हृदयविदारक हादसे में सेना के दो जवान, उनकी पत्नियां और तीन मासूम बच्चों की मौत हुई है. मृतकों में महज तीन महीने की एक बच्ची भी शामिल है. बताया जा रहा है कि परिवार बेटी के जन्मदिन के अवसर पर गुजरात गया था. कच्छ का रण घूमने के बाद शनिवार रात परिवार कार से लौट रहा था. इसी दौरान उनकी कार एक ट्रॉले से टकरा गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि कार दो हिस्सों में बंट गई और उसमें सवार सभी सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई.
पूरे कोटद्वार क्षेत्र में शोक की लहर
हादसे की खबर से पूरे कोटद्वार क्षेत्र में शोक की लहर है. भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष राज गौरव नौटियाल ने भी घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि यह हादसा बेहद हृदयविदारक है और इससे पूरा कोटद्वार शोक में डूबा हुआ है. उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवारों को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें.
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस भीषण हादसे पर शोक जताया था. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी हादसे पर गहरा दुख जताया था. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर दुख जताते हुए प्रधानमंत्री नेशनल रिलीफ फंड से हर मृतक के परिवार को 2 लाख की मदद देने की घोषणा की थी. घायलों को 50,000 देने की घोषणा भी की गई थी.
रण क्षेत्र घूमने गए थे तीनों परिवार
ब्रिगेडियर विनोद सिंह नेगी के अनुसार, तीनों परिवार गुजरात के रण क्षेत्र में घूमने गए थे। शनिवार रात करीब साढ़े नौ से दस बजे के बीच भुज-खावड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर वेकरिया क्षेत्र के पास उनकी कार सामने से आ रहे टेलर से टकरा गई थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर दो हिस्सों में बंट गई। इस हादसे में तीनों परिवारों के सात सदस्यों की जान चली गई।
मृतकों के नाम-
नायक सौरभ सिंह नेगी पुत्र जसवंत सिंह नेगी (उम्र 32 साल)
सविता नेगी पत्नी सौरभ सिंह नेगी (उम्र 31 वर्ष)
शिविका नेगी पुत्री सौरभ सिंह नेगी (उम्र 3 महीने) (तीनों मूल निवासी ध्रुव विहार, कोटद्वार)
रिंकी गुसाईं पत्नी नायक नितिन गुसाईं (32 वर्ष)
वामिका गुसाईं पुत्री नितिन गुसाईं (4 वर्ष) (दोनों मूल निवासी मोटाढाक, कोटद्वार)
नायक राजेश सिंह रावत (34 वर्ष)
रक्षिता पुत्री राजेश सिंह रावत (उम्र 7 साल) (दोनों मूल निवासी सिंबलचोड़, कोटद्वार)
उपजिलाधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि, दुर्घटना में मारे गए सैनिकों के अधिकारियों के संपर्क में प्रशासन कल से ही था. आज सुबह पूरे राजकीय और सैन्य सम्मान के साथ सैनिकों का कोटद्वार स्थित मुक्तिधाम में अंतिम संस्कार कर दिया गया.



