बिना जुर्म 20 साल सजा, जेल से छूटकर शादी की तो दुल्हन नकदी-जेवर लेकर फरार

ललितपुर। बिना जुर्म के 20 साल सजा काटने के बाद हाईकोर्ट ने उसे बरी कर दिया। पिछले साल रिहा हुआ और अभी उसने शादी रचाई, लेकिन दुल्हन नकदी-जेवरात लेकर एक रात में रफूचक्कर हो गयी। जेल से छूटने के एक साल बाद 22 जुलाई को उसने मंदिर में शादी की, लेकिन दुल्हन धोखेबाज निकली। वह रुपये-जेवरात लेकर 23 जुलाई को फुर्र हो गयी।
पिछले साल जेल से छूटा था विष्णु तिवारी
बिना अपराध 20 साल की सजा काटने के बाद विष्णु तिवारी की परेशानी कुछ कम नहीं हुई। उसे 2000 में दुष्कर्म मामले में जेल भेजा गया था। पिछले साल ही जेल से छूटकर आया था। उसने बताया कि मंदिर में दर्शन के दौरान उसकी मुलाकात गुड्डू पटेल नामक युवक से हुई। उसने शादी कराने की बात कही तो वह तैयार हो गया।
दलाल को 20 हजार और लड़कीवालों को एक लाख दिये
विष्णु को लड़की की फोटो दिखाकर शादी तय हो गयी। लेन-देन की बात पक्की होने पर 22 जुलाई को डोंगलाकलां स्थित डूंगरासन माता के मंदिर में शादी होना तय हुई। एक लाख रुपये लड़की के पिता को देने के बाद शादी की रस्में और फेरे हुए। रात 11 बजे विष्णु और दुल्हन को लेकर गांव सिलावन पहुंच गये।
रात को चकमा देकर रफूचक्कर हुई दुल्हन
23 जुलाई को विष्णु मंदिर जाने को तैयार हुआ, तभी दुल्हन ने अपनी मां से मिलने की बात की तो वह साथ चल दी। मंदिर पहुंचकर विष्णु को बातों में उलझाकर दुल्हन वहां से रफूचक्कर हो गयी। विष्णु के अनुसार लड़की का नाम राजकुमारी है, जो अपने आप को सागर की बता रही थी। पीड़ित ने घटना के बारे में पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
इस संबंध में अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर जांचकर घटना की रिपोर्ट लिखी जाएगी।
राजेश कुमार दुबे, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली, महरौनी