
श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड के श्रीनगर में तहसील कीर्तिनगर के एक राजस्व क्षेत्र में नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। घटना के सामने आने पर आक्रोशित लोगों ने आरोपी का सिर मुंडवाया और कालिख पोतकर बाजार क्षेत्र में घुमाया। पीड़िता के चाचा की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ दुराचार व पोक्सो की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। राजस्व पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया है।
सात माह की गर्भवती है नाबालिग
तहसील कीर्तिनगर के राजस्व क्षेत्र स्थित गांव में एक नाबालिग किशोरी के पेट का आकार बड़ा होने पर मां ने उसे उसके स्वास्थ्य के बारे में पूछा। नाबालिग ने किसी तरह से स्वास्थ्य खराब नहीं होने की बात कही। जिस पर मां व अन्य परिजनों ने डांटकर पूछा, तो किशोरी ने उसके साथ दुष्कर्म की घटना की जानकारी परिजनों को दी। राजस्व पुलिस ने पीड़िता के चाचा की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ दुराचार व पोक्सो की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। राजस्व पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया है। वहीं नाबालिग किशोरी को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। नाबालिग किशोरी सात महीने की गर्भवती बताई जा रही है।
बिहार का रहने वाला है युवक, माहौल तनावपूर्ण
मामले में राजस्व उप निरीक्षक देवेंद्र कुमार ने बताया कि लड़की के चाचा की तहरीर के आधार पर बिहार निवासी मुस्लिम युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। युवक मिस्त्री का काम करता है। फिलहाल, युवक की गिरफ्तारी की जा चुकी है। जबकि, पीड़िता का मेडिकल कराया जा रहा है। उधर, इस घटना के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया है। घटना के सामने आने पर क्षेत्र के आक्रोशित स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़कर उसका सिर मुंडावा दिया और कालिख पोतकर बाजार क्षेत्र में घुमा दिया।
क्या बोलीं एसडीएम सोनिया पंत?
वहीं, मामले में उप जिलाधिकारी सोनिया पंत ने बताया कि आरोपी युवक के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। पूरे मामले को रेगुलर पुलिस को हस्तांतरित करने के संबंध में जिलाधिकारी को पत्र लिखा गया है। साथ ही कहा कि माहौल बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस बल की मांग भी की गई है। https://sarthakpahal.com/