खेलदेश-विदेशमनोरंजनयूथ कार्नर

पहली बार IPL खिताब जीतने का सपना देख रही पंजाब की टीम के लिए आज आखिरी मौका

स्पोर्ट्स डेस्क। अपने पहले खिताब की कवायद में लगी पंजाब किंग्स की टीम को आईपीएल के दूसरे क्वालीफायर में रविवार को पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस की टीम की कड़ी चुनौती का सामना करना होगा। दोनों टीमों के पास यह आखिरी मौका भी होगा। श्रेयस अय्यर की अगुवाई वाली पंजाब किंग्स को पहले क्वालीफायर में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के हाथों करारी हार का सामना करना पड़ा, जिससे निश्चित तौर पर उसका आत्मविश्वास डिग गया होगा।

पंजाब किंग्स को अगर पहली बार चैंपियन बनना है तो उसे इस मैच में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा। दोनों टीमों के लिए यह मैच सेमीफाइनल जैसा है। मुंबई इंडियंस ने एलिमिनेटर में खिताब की प्रबल दावेदार गुजरात टाइटंस को हराकर छठे खिताब की ओर एक और कदम बढ़ाया। इस जीत से मुंबई का निश्चित तौर पर आत्मविश्वास बढ़ा होगा। आरसीबी और पंजाब किंग्स की तुलना में मुंबई इंडियंस की टीम नॉकऑउट चरण में जीत दर्ज करने का अधिक अनुभव रखती है।

अय्यर और पोंटिंग की जोड़ी के लिए चुनौती
पंजाब किंग्स में कप्तान श्रेयस अय्यर और मुख्य कोच रिकी पोंटिंग की जोड़ी के लिए चुनौती यह सुनिश्चित करना होगा कि उनके खिलाड़ी पिछले मैच में मिली करारी हार को भूल जाएं और अपनी ऊर्जा को उन चुनौतियों से लड़ने में लगाएं जो विशेषकर गेंदबाजी विभाग में कुछ खिलाड़ियों के बाहर हो जाने से सामने आई हैं। इससे उसके मुख्य तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह पर अतिरिक्त दबाव बन रहा है।

रोहित फिर से लय में लौट आए
मुंबई इंडियंस का सवाल है तो अनुभवी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने शुरू में मिले दो जीवनदान का फायदा उठाकर गुजरात टाइटंस के खिलाफ बड़ी पारी खेली। रोहित फिर से लय में लौट आए हैं और पंजाब किंग्स के गेंदबाजों के लिए उन पर अंकुश लगाना आसान नहीं होगा। अगर समग्र तौर पर देखा जाए तो मुंबई इंडियंस की टीम में कोई कमी नजर नहीं आ रही है क्योंकि उसने खेल के हर विभाग में अच्छा प्रदर्शन किया है।

फाइनल में पहुंचने के लिए उसकी टीम काफी हद तक रोहित, जसप्रीत बुमराह, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा और कप्तान हार्दिक पांड्या पर निर्भर रहेगी। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होने वाले इस मैच का नतीजा काफी हद तक गेंदबाजों के प्रदर्शन पर निर्भर करेगा, क्योंकि यहां की पिच बल्लेबाजों के लिए अनुकूल मानी जाती है जिस पर काफी बड़े स्कोर बने हैं।

बारिश से मैच हुआ रद्द हुआ तो पंजाब को मिलेगा फाइनल का टिकट
इन दिनों देश के कई हिस्सों से छिटपुट बारिश की खबरें सामने आ रही हैं. केरल में तो करीब आठ दिन पहले ही मानसून ने दस्तक दे दी है. ऐसे में फैंस डरे हुए हैं कि अगर आज के मुकाबले में भी बारिश दस्तक देती है और मैच का परिणाम नहीं निकल पाता है तो किस टीम की फाइनल में एंट्री होगी? अगर आपका भी यही सवाल है तो उसका जवाब हम लेकर आए हैं. आईपीएल के नियमानुसार अगर बारिश की वजह से प्लेऑफ का कोई मुकाबला रद्द होता है तो लीग चरण में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अंकतालिका में आगे रहने वाली टीम को वरीयता दी जाएगी.

Related Articles

Back to top button