देश-विदेशयूथ कार्नर

बाक्स आफिस पर फर्राटा भर रही ‘धुरंधर’ से सुर्खियों में आए उत्तराखंड के विवेक सिन्हा

Listen to this article

काशीपुर, 10 दिसम्बर। एक्शन से लबरेज फिल्म ‘धुरंधर’ इन दिनों दर्शकों के बीच चर्चा का विषय है। फिल्म दर्शकों को किस कदर पसंद आ रही है, इसकी कमाई के आंकड़े यह गवाही दे रहे हैं। आदित्य धर के निर्देशन में बनी यह मल्टीस्टारर फिल्म देखने के बाद लोग इसे एक जरूर देखे जाने वाली फिल्म बता रहे हैं। शायद कलाकारों की अदाकारी और फिल्म की कहानी दोनों कमाल हैं। ऊधमसिंह नगर जिले के काशीपुर से बॉलीवुड तक का सफर तय करने वाले अभिनेता विवेक सिन्हा, रणवीर सिंह की नई फिल्म ‘धुरंधर’ में ज़हूर मिस्त्री के किरदार में नज़र आकर इस समय सुर्खियों में हैं. अब तक की फिल्मों में बाबा, आतंकवादी और आध्यात्मिक किरदारों में दिखाई देने वाले विवेक इस फिल्म में एक बिल्कुल अलग, रफ और दमदार अवतार में दिखाई दिए हैं.

धुरंधर की सफलता ने विवेक के करियर को नयी ऊंचाई दी
फिल्म की शुरुआत के पहले ही सीन में उनकी एक्टिंग ने दर्शकों को हैरान कर दिया. जबरदस्त एक्टिंग से वे चर्चा का केंद्र बन गए. विवेक ने ऐसा किरदार किया कि जिसने सभी को चकित कर दिया. काशीपुर का यह कलाकार अब बॉलीवुड में अपनी अलग पहचान बना चुका है. ‘धुरंधर’ की सफलता ने उनके करियर को एक नई ऊंचाई दी है. काशीपुर की साईं धाम कालोनी निवासी विवेक सिन्हा के लंबे बाल, लंबी दाढ़ी और अलग ही पहनावे में अक्सर देखा गया है.

विवेक के नये लुक और फिटनेस ने फिल्म को यादगार बनाया


विवेक ने फिल्म धुरंधर में अभिनय के लिए पूरे 12 साल बाद अपना लुक बदला. अपने लंबे बाल और दाढ़ी कटवाई. किरदार की डिमांड के अनुसार 10 किलो वजन भी घटाया. धुरंधर में उनका एक डायलॉग सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है. सीन में वह माधवन को धमकाते हुए कहते हैं, ‘पड़ोस में रहते हैं, गुदे भर का ज़ोर लगा लो, और बिगाड़ लो जो बिगाड़ना है’. धुरंधर फिल्म जैसे ही 5 दिसंबर को रिलीज हुई तो दर्शकों का कहा कि विवेक के नये लुक, ओर उनके फिटनेस परिवर्तन को इस फिल्म का सबसे यादगार बना दिया.

आमिर के पीके फिल्म से कर चुके है शुरुआत
फिल्म की सफलता के बाद अब विवेक सिन्हा ‘धुरंधर पार्ट 2’ में भी नज़र आएंगे. विवेक ने कहा वह जल्द ही काशीपुर पहुंचेंगे. काशीपुर के विवेक का कहना है कि वह अब तक कई फिल्मों में काम कर चुके हैं. उनकी शुरुआत आमिर खान की पीके फिल्म से हुई. उसके बाद सैफ अली की तांडव, बॉलीवुड में डायरी, मदारी, पिकअप, आर्टिस्ट पीरियड चार्ट, शॉर्ट फिल्में एवं बहुत सारे सीरियलों में भी काम किया. कुछ समय पहले तांडव वेब सीरीज से भी उन्हें काफी लोकप्रियता मिली. विवेक हमारे कबीर’ और कुछ टीवी एड भी कर चुके हैं. जल्द ही काशीपुर में भी एक फिल्म शूट करने की इच्छा है. विवेक की आने वाली फिल्म ‘दिल्ली डार्क’ और ‘आधी दुल्हन’ है. जिसके लिए वे एक्साइटेड हैं.

विवेक सिन्हा मूल रूप से उत्तर प्रदेश के जिला बिजनौर धामपुर के मूल निवासी हैं. विवेक की ननिहाल मोहल्ला कटोराताल काशीपुर में है. वह कुछ सालों पहले अपनी मां शोभा सिन्हा एवं बड़े भाई पंकज सिन्हा के साथ काशीपुर आकर स्थाई रूप से साईं धाम कॉलोनी में आकर बस गए. उन्होंने यहां उदयराज हिंदू इंटर कॉलेज से शिक्षा ग्रहण की. विवेक को शुरू से ही एक्टिंग करने का शौक था. पढ़ाई के बाद विवेक ने एक मार्केटिंग कंपनी में काम करना शुरू किया. इसमें उनका मन नहीं लगा. जिसके बाद उन्होंने दिल्ली जाकर थियेटर में काम करना शुरू किया. जिसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button