कोटद्वार में गैस सिलिंडर की ऑनलाइन बुकिंग में दिक्कत के बाद एजेंसियों पर लगी भीड़

कोटद्वार, 14 मार्च। शासन-प्रशासन भले ही क्षेत्र में रसोई गैस सिलिंडरों की पर्याप्त उपलब्धता का दावा कर रहा हो, लेकिन उपभोक्ताओं में मची अफरा-तफरी थमने का नाम नहीं ले रही।
शनिवार को कोटद्वार की विभिन्न गैस एजेंसियों और वितरण स्थलों पर सिलिंडर बुकिंग और प्राप्त करने के लिए उपभोक्ताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। दरअसल, रसोई गैस सिलिंडर की आनलाइन बुकिंग में आ रही तकनीकी दिक्कतों के चलते शुक्रवार को प्रशासन ने उपभोक्ताओं को सीधे गैस एजेंसी पहुंचकर बुकिंग कराने के निर्देश दिए थे। इसके बाद शनिवार सुबह से ही एजेंसियों के बाहर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। एक ओर जहां उपभोक्ता गैस बुकिंग के लिए लंबी लाइन में खड़े नजर आए, वहीं पहले से बुकिंग करवा चुके उपभोक्ता सिलिंडर लेने के लिए अलग कतार में दिखाई दिए।
शनिवार को कई गैस एजेंसियों ने अपने-अपने निर्धारित वितरण स्थलों पर सिलिंडरों का वितरण भी किया। इस बीच पूर्ति विभाग ने स्पष्ट किया कि गैस सिलिंडर का वितरण केवल निर्धारित वितरण स्थलों या डोर-टू-डोर ही किया जाएगा। एजेंसी परिसर में सीधे सिलिंडर वितरण नहीं किया जाएगा। हालांकि, एजेंसियों की ओर से लगातार सिलिंडर उपलब्ध कराए जाने के बावजूद उपभोक्ताओं में असमंजस और जल्दबाजी का माहौल बना हुआ है।
उपजिलाधिकारी संदीप कुमार ने बताया कि क्षेत्र में रसोई गैस सिलिंडर की कोई कमी नहीं है। उन्होंने आमजन से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और सिलिंडर के लिए अनावश्यक भगदड़ न मचाएं।



