
हरिद्वार, 24 नवम्बर, 26. कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर जूना अखाड़े के रमता पंचों के नगर प्रवेश के साथ ही हरिद्वार में कुंभ मेले की धार्मिक गतिविधियों का आगाज हो गया. श्यामपुर कांगड़ी से लेकर चंडी घाट चौक तक मेला और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने साधु संतों का भव्य स्वागत किया. उत्तराखंड सरकार की ओर से अर्धकुंभ को पूर्ण कुंभ की तर्ज पर आयोजित किए जाने की तैयारी के बीच सबसे पहले 13 अखाड़ों में प्रमुख नागा संन्यासियों के सबसे बड़े अखाड़े श्री पंचदशनाम जूना अखाड़े ने नगर प्रवेश किया.
जूना अखाड़े के रमता पंच मुरादाबाद से हरिद्वार पहुंचे और श्यामपुर कांगड़ी गांव में विश्राम किया. यहां मेला प्रशासन और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने रमता पंचों समेत अन्य संतों का स्वागत किया. इसके बाद संतों की टोली चंडी घाट चौक पहुंची, जहां अधिकारियों ने उनका स्वागत किया. नगर प्रवेश को कुंभ मेले की धार्मिक गतिविधियों का पहला चरण माना जाता है. जूना अखाड़े के रमता पंचों की टोली ज्वालापुर स्थित पांडेवाला पहुंचेगी. यहां अखाड़े के संत करीब एक महीने तक अस्थायी रूप से विश्राम करेंगे. इसके बाद 14 जनवरी को जूना अखाड़े की भव्य पेशवाई निकाली जाएगी. पेशवाई शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए अखाड़े की छावनी पहुंचेगी. इसके बाद यहीं से अखाड़े की कुंभ मेले से जुड़ी धार्मिक गतिविधियां संचालित होंगी.
नगर प्रवेश के दौरान साधु संतों में खासा उत्साह नजर आया. श्री पंचदशनाम जूना अखाड़े के राष्ट्रीय प्रवक्ता महंत नारायण गिरी महाराज ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर अखाड़े के पंच परमेश्वर का नगर प्रवेश हो गया है. अब पांडेवाला में अस्थायी रूप से विश्राम किया जाएगा. इसके बाद धर्मध्वजा, पेशवाई और अमृत स्नान जैसी अन्य सभी धार्मिक गतिविधियां चलेंगी.
कुंभ मेला अधिकारी सोनिका ने कहा कि, जूना अखाड़े के साधु संतों के नगर प्रवेश के साथ ही कुंभ मेले का आगाज हो गया है. संतों के स्वागत के लिए कुंभ मेला टीम के साथ जिला प्रशासन और पुलिस की पूरी टीम मौजूद रही.
कुंभ से जुड़ी सभी तैयारियों और प्रक्रियाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि कुंभ मेले का आयोजन स्वच्छ, सफल और सुरक्षित तरीके से हो सके. पांडेवाला में संतों के ठहरने की व्यवस्था को लेकर आवश्यकता अनुसार बिजली, पानी, टेंट इत्यादि की व्यवस्थाएं की गई हैं. सरकार का प्रयास है कि हरिद्वार कुंभ मेले का शांतिपूर्ण तरीके से दिव्य भव्य आयोजन हो, इसलिए सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएंगी.
-सोनिका सिंह, कुंभ मेला अधिकारी
कुंभ की पहली धार्मिक गतिविधि में दिखी अव्यवस्था
हालांकि साधु संतों में नगर प्रवेश को लेकर खासा उत्साह देखा गया. लेकिन नगर प्रवेश को लेकर अव्यवस्था नजर आई. जिस स्थान पर कुंभ मेला प्रशासन और जिला प्रशासन के अधिकारियों को साधु संतों की टोली का स्वागत करना था, वहां की हाई मास्क लाइट बंद पड़ी थी. काफी देर तक अधिकारी चंडी घाट चौराहे पर अंधेरे में ही खड़े रहे. बड़े अधिकारियों ने हाई मास्क लाइट जलाने के लिए ऊर्जा निगम और एनएचएआई के अधिकारियों को फोन भी किए. लेकिन लाइट नहीं जल पाई. इसके बाद कुछ गाड़ियों को एक लाइन में लगाकर प्रकाश करने का प्रयास किया गया, लेकिन उससे भी काम नहीं चल पाया. फिर तत्काल स्वागत स्थान बदलने का फैसला लिया गया. चंडी घाट चौक से थोड़ी ही दूरी पर बिरला घाट के पुल पर एक हाई मास्क लाइट जल रही थी. साधु संतों के पहुंचने से पहले सभी अधिकारी पुल के पास पहुंचे और वहां हाई मास्क लाइट की रोशनी में साधु संतों का स्वागत किया गया. अब मुख्य चौराहे की लाइट क्यों बंद पड़ी थी? इसका जवाब भी आला अधिकारी नहीं दे पाए.
अंधेरे में किया जा रहा वॉल पेंटिंग का कार्य
हरिद्वार में कुंभ मेले की तैयारी के बीच दीवारों और फ्लाई ओवर को रंगों से रंगने का कार्य किया जा रहा है. शहर में लाइट न होने के कारण कई आर्टिस्ट अंधेरे में पेंट करते नजर आए. आर्टिस्टों द्वारा अंधेरे में पेंटिंग करने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में आर्टिस्ट मोबाइल की टॉर्च जलाकर दीवारों की रंगाई पुताई का कार्य करते हुए नजर आ रहे हैं. सोशल मीडिया पर सवाल भी खड़े किए जा रहे हैं कि कुंभ मेले के बजट से जिन रंगों का प्रयोग किया जा रहा है वह वाटरप्रूफ कलर हैं और अंधेरे में पेंटिंग का कार्य खराब होता है तो इसका जिम्मेदार कौन होगा?



