उत्तराखंडदेश-विदेशबड़ी खबरसामाजिकस्वास्थ्य

हरिद्वार स्टेशन पर अर्धकुंभ में आने वाले यात्रियों के ठहरने के लिए 4500 वर्गमीटर में बना अत्याधुनिक यात्री सुविधा केंद्र

हरिद्वार, 24 नवम्बर, 26. अर्धकुंभ में श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए रेलवे प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर 4500 वर्गमीटर क्षेत्रफल में अत्याधुनिक यात्री सुविधा केंद्र तैयार किया गया है। इसमें एक समय में 5625 यात्रियों के ठहरने की क्षमता होगी। केंद्र को इस तरह विकसित किया जा रहा है कि यात्रियों को स्टेशन परिसर में अनावश्यक रूप से इधर-उधर भटकना नहीं पड़े और भीड़ का दबाव भी नियंत्रित रहे।

बैठने के लिए कुर्सियों की व्यवस्था
यात्री सुविधा केंद्र में यात्रियों के बैठने के लिए कुर्सियों की व्यवस्था की गयी है। इसके अलावा पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध करायी गयी हैं। टिकट लेने के लिए करीब दो दर्जन आरक्षित और अनारक्षित टिकट काउंटर बनाए गए हैं।

आटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन (एटीवीएम) लगाने का कार्य भी चल रहा है। इससे टिकट खिड़कियों पर लगने वाली लंबी कतारों को कम करने में मदद मिलेगी। केंद्र से प्लेटफार्म एक से चार तक पहुंचने के लिए फुटओवर ब्रिज की व्यवस्था की गयी है। वहीं प्लेटफार्म संख्या दो और तीन तक जाने के लिए अंडरपास का निर्माण कराया गया है। इससे यात्रियों की आवाजाही के लिए अलग-अलग रास्ते उपलब्ध होंगे और प्लेटफार्म पर भीड़ का दबाव कम करने में मदद मिलेगी। आरक्षित और अनारक्षित यात्रियों के प्रवेश मार्ग भी अलग-अलग होंगे।

सर्कुलेटिंग एरिया का भी हो रहा सौंदर्यीकरण
हरिद्वार: रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया को भी आकर्षक और व्यवस्थित बनाया जा रहा है। इसके तहत वाल पेंटिंग, ग्रीनरी और बेहतर लाइटिंग की व्यवस्था की जा रही है। यात्रियों को ट्रेनों के आवागमन और अन्य जरूरी सूचनाएं समय पर मिल सकें, इसके लिए अनाउंसमेंट सिस्टम को भी बेहतर बनाया जा रहा है।

अतिरिक्त प्लेटफार्म का कराया गया है निर्माण
अर्धकुंभ के दौरान ट्रेनों के संचालन और यात्रियों के आवागमन को सुगम बनाने के लिए मेला प्लेटफार्म क्षेत्र में अतिरिक्त प्लेटफार्म का निर्माण भी कराया गया है। इस प्लेटफार्म से अर्धकुंभ के दौरान ट्रेनों का संचालन किया जाएगा।

अर्धकुंभ के बाद भी उपयोग में आएगा केंद्र
हरिद्वार: यात्री सुविधा केंद्र का उपयोग केवल अर्धकुंभ तक सीमित नहीं रहेगा। यह स्थायी ढांचा है, जिसका इस्तेमाल अर्धकुंभ के बाद भी किया जा सकेगा। धर्मनगरी में कांवड़ मेले के साथ ही स्नान पर्वों पर अच्छी खासी भीड़ उमड़ती है।

अर्धकुंभ के दृष्टिगत रेलवे स्टेशन पर निर्माण और यात्री सुविधाओं से जुड़े कार्य तेजी से कराए जा रहे हैं। परिसर में यात्री सुविधा केंद्र (होल्डिंग एरिया) कमोबेश तैयार है। रेलवे प्रशासन का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक रेल यात्रा उपलब्ध कराना है।
– महेश यादव, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक, उत्तर रेलवे मुरादाबाद

Related Articles

Back to top button