हरिद्वार में गंगा स्नान के दौरान बहा गाजियाबाद का ‘दोस्ताना’, जल पुलिस ने बरामद किये शव

हरिद्वार, 5 अप्रैल। रविवार सुबह उस वक्त बड़ा हादसा हो गया जब हरिद्वार के कोतवाली नगर क्षेत्र के दूधिया बंध (सप्तऋषि) इलाके में गंगा स्नान के दौरान दो दोस्त गाजियाबाद के बृजेश कुमार त्रिपाठी और सचिन त्यागी डूब गए। सूचना पर स्थानीय पुलिस और जल पुलिस ने मौके पर पहुंच कर बचाव कार्य शुरू किया। इस घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। करीब सवा घंटे चले रेस्क्यू के बाद दोनों के शव बरामद कर लिए गए।
मृतक गाजियाबाद के रहने वाले थे
पुलिस के अनुसार मृतकों में एक का नाम बृजेश कुमार त्रिपाठी (43) और दूसरा सचिन त्यागी (39) के रूप में हुई है। दोनों राजनगर गाजियाबाद के रहने वाले थे। बताया गया कि बृजेश कुमार त्रिपाठी आईटी सेक्टर से जुड़े थे, जबकि सचिन त्यागी गारमेंट का बिजनेस करते थे। पुलिस के अनुसार दोनों अपने परिवार के साथ हरिद्वार आए थे।
दोस्त को बचाने के चक्कर में सचिन भी डूब गया
यहां कोतवाली क्षेत्र में रोडीबेलवाला में ठोकर नंबर 1 दूधियाबंद में रविवार सुबह वह गंगा स्नान कर रहे थे। इसी दौरान इनमें से एक बृजेश का पैर फिसलकर वह गंगा की तेज धार में बहने लगा, तो उसे बचाने के लिए दूसरा दोस्त सचिन आगे बढ़ा लेकिन पानी का बहाव तेज होने के कारण वह भी गहरे पानी में डूब गया। दो लोगों के गंगा में डूबने की सूचना मिलते ही तत्काल कोतवाली नगर पुलिस और जल पुलिस मौके पर पहुंची। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली नगर पुलिस, जल पुलिस और एसडीआरएफ की ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया गया। लगभग डेढ़ घंटे के रेस्क्यू अभियान के उपरांत दोनों व्यक्तियों के शव गंगा से बरामद हो गए।
सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि पुलिस ने दोनों के शवों को जिला अस्पताल भेजा, जहां पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई। डूबने वाले दोनों व्यक्ति दोस्त थे और परिवार के साथ गंगा स्नान करने के लिए हरिद्वार आए थे। औपचारिकताएं पूरी करने के बाद दोनों के शवों को परिजनों को सौंप दिया गया है, जो उन्हें लेकर गाजियाबाद रवाना हो गये हैं।



