उत्तराखंडदेश-विदेशबड़ी खबरयूथ कार्नरशिक्षा

उत्तराखंड के युवाओं को सरकारी पदों पर नौकरी का मौका, मई से दिसंबर तक होंगी भर्ती परीक्षाएं

Listen to this article

देहरादून, 8 मई। उत्तराखंड में हजारों युवाओं को सरकारी नौकरी पाने का बड़ा मौका मिलने जा रहा है. उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने साल 2026 में मई से दिसंबर महीने तक होने वाली विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की संभावित तिथियां घोषित की है. जिसमें राज्य भर के समूह ग (Group C) के रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी.

दरअसल, उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने साल 2026 के लिए विभिन्न भर्ती परीक्षाओं का प्रस्तावित परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया है. आयोग ने इस कैलेंडर में समूह ‘ग’ के विभिन्न विभागों में होने वाली सीधी भर्ती परीक्षाओं की संभावित तिथियां घोषित की हैं. आयोग के इस कार्यक्रम के बाद लंबे समय से भर्ती परीक्षाओं का इंतजार कर रहे युवाओं को बड़ी राहत मिली है.

शेड्यूल के मुताबिक, मई 2026 से लेकर दिसंबर 2026 तक अलग-अलग विभागों में भर्ती परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी. इनमें वाहन चालक, स्नातक स्तरीय, सहायक लेखाकार, स्केलर, व्यक्तिगत सहायक, पुलिस आरक्षी, वन आरक्षी समेत कई पद शामिल हैं. आयोग ने विज्ञापन जारी होने की संभावित तिथि और परीक्षा तिथि दोनों का विवरण सार्वजनिक किया है.

इन पदों पर नौकरी का मौका
सबसे पहले 72 पदों पर वाहन चालक भर्ती परीक्षा आयोजित होगी. इसका विज्ञापन संख्या 75 जारी किया जा चुका है और परीक्षा 31 मई 2026 को प्रस्तावित है. इसके बाद स्नातक स्तरीय पुनर्परीक्षा आगामी 14 जून 2026 को आयोजित की जाएगी. इस भर्ती में कुल 416 पद शामिल हैं.

आयोग के कार्यक्रम में विशेष तकनीकी अर्हता वाले विभिन्न पदों की परीक्षा भी शामिल की गई है. 57 पदों के लिए यह परीक्षा 28 जून 2026 को प्रस्तावित है. वहीं, पशुपालन विभाग में पशुधन प्रसार अधिकारी के 120 पदों पर भर्ती के लिए परीक्षा 12 जुलाई 2026 को आयोजित की जाएगी.

कृषि विभाग से जुड़े विभिन्न पदों पर भी भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी. इंटरमीडिएट और स्नातक अर्हता वाले 93 पदों के लिए 25 मई 2026 को विज्ञापन प्रस्तावित है. जबकि, परीक्षा 26 जुलाई 2026 को होगी. इसके अलावा विभिन्न विभागों में सहायक लेखाकार के 305 पदों पर भर्ती के लिए 10 जून 2026 को विज्ञापन जारी किया जाएगा और परीक्षा 23 अगस्त 2026 को प्रस्तावित है.

इसके अलावा वन विकास निगम उत्तराखंड में स्केलर के 200 पदों के लिए भी आयोग ने भर्ती कार्यक्रम जारी किया है. इसका विज्ञापन 17 जून 2026 को जारी होगा और 20 सितंबर 2026 से शारीरिक दक्षता परीक्षा शुरू कराई जाएगी. इस तरह से वन विकास निगम में भी नौकरी का मौका है, लेकिन इसके लिए फिजिकल परीक्षा से गुजरना होगा.

इसी तरह सामान्य इंटर स्तरीय भर्ती परीक्षा भी इस साल आयोजित होगी. कनिष्ठ सहायक समेत विभिन्न पदों पर कुल 569 रिक्तियों के लिए 14 जुलाई 2026 को विज्ञापन जारी किया जाएगा. जबकि, परीक्षा 4 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित है. इसे युवाओं के लिए इस साल की सबसे बड़ी भर्तियों में माना जा रहा है.

इसके अलावा विभिन्न विभागों में व्यक्तिगत सहायक के 101 पदों के लिए 24 जुलाई 2026 को विज्ञापन जारी होगा और परीक्षा 12 अक्टूबर 2026 को आयोजित की जाएगी. आईटीआई और डिप्लोमा अर्हता वाले 78 पदों के लिए भर्ती परीक्षा 1 नवंबर 2026 को प्रस्तावित की गई है. इसके लिए विज्ञापन 31 जुलाई 2026 को जारी होगा.

आयोग ने पुलिस और वन विभाग से जुड़ी शारीरिक मानक एवं दक्षता परीक्षाओं का कार्यक्रम भी जारी किया है. स्पेशल टाइगर गार्ड, वन आरक्षी, सचिवालय रक्षक और पुलिस आरक्षी के कुल 179 पदों के लिए 6 अगस्त 2026 को विज्ञापन जारी होगा. इन पदों के लिए 16 नवंबर 2026 से शारीरिक दक्षता परीक्षा शुरू की जाएगी.

विज्ञान वर्ग से संबंधित इंटरमीडिएट और स्नातक अर्हता वाले 21 पदों के लिए परीक्षा 29 नवंबर 2026 को प्रस्तावित है. वहीं, विभिन्न विभागों में स्नातक स्तरीय 106 पदों की परीक्षा 6 दिसंबर 2026 को आयोजित होगी. इसके लिए विज्ञापन 26 अगस्त 2026 को जारी किया जाएगा. वहीं, साल के आखिर में विशिष्ट अर्हता वाले 73 पदों पर भी भर्ती परीक्षा आयोजित की जाएगी. इसका विज्ञापन 11 सितंबर 2026 को जारी होगा और परीक्षा 20 दिसंबर 2026 को प्रस्तावित है. ऐसे में युवाओं के लिए सरकारी नौकरी पाने का सुनहरा मौका है. जिसके लिए अभी से तैयारी में जुट गई हैं.

आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम को फिलहाल प्रस्तावित परीक्षा कैलेंडर बताया गया है. यानी प्रशासनिक या अन्य कारणों से इसमें बदलाव संभव है. हालांकि, आयोग की ओर से पहले से परीक्षा तिथियां जारी किए जाने से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को अपनी रणनीति तय करने में आसानी होगी.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button