
रुद्रपुर, 23 मई। उत्तराखंड का मनोज सरकार स्टेडियम खेल उत्साह और राष्ट्रीय ऊर्जा से सराबोर नजर आया. आज यहां 21वीं कैडेट नेशनल फेंसिंग चैंपियनशिप का भव्य शुभारंभ हुआ है. छह दिनों तक चलने वाली इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश के 28 राज्यों से आए 650 से अधिक खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं.
23 से 28 मई तक चलेंगी प्रतियोगिताएं
रुद्रपुर के मनोज सरकार स्टेडियम स्थित शिवालिक हॉल में शनिवार को 21वीं कैडेट नेशनल फेंसिंग चैंपियनशिप का रंगारंग शुभारंभ किया गया. राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता का आयोजन Fencing Association of Uttarakhand द्वारा Fencing Association of India के मार्गदर्शन में किया जा रहा है. प्रतियोगिता का आयोजन 23 मई से 28 मई तक किया जाएगा. जिसमें देशभर से आए युवा खिलाड़ी अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे.
इस चैंपियनशिप में देश के 28 राज्यों से 650 से अधिक फेंसर्स हिस्सा ले रहे हैं. प्रतियोगिता के दौरान फॉइल, सेबर और एपी वर्गों में पूल एवं डायरेक्ट एलिमिनेशन मुकाबले खेले जाएंगे. छह दिनों तक चलने वाले इन मुकाबलों में खिलाड़ियों के बीच रोमांचक प्रतिस्पर्धा देखने को मिलेगी. राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता से रुद्रपुर शहर एक बार फिर देश के खेल मानचित्र पर अपनी मजबूत पहचान दर्ज करा रहा है.
कार्यक्रम की शुरुआत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुई. जिसमें दिल्ली पब्लिक स्कूल रुद्रपुर के विद्यार्थियों ने शानदार शास्त्रीय नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया. बच्चों की प्रस्तुति ने उद्घाटन समारोह में सांस्कृतिक गरिमा और उत्साह का विशेष माहौल बना दिया. दर्शकों ने तालियों की गूंज के साथ कलाकारों का उत्साहवर्धन किया. उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में एसपी सिटी मनोज कत्याल मौजूद रहे. वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप मे देवेंद्र सिंह बिष्ट और हरमन सिंह ग्रोवर उपस्थित रहे.



