उत्तरप्रदेशक्राइमबड़ी खबरस्वास्थ्य

18 साल की शादी, दो बच्चे और पति के कोचिंग की छात्रा से प्रेम प्रसंग के चलते फंदे पर लटकी पत्नी

Listen to this article

फरीदाबाद, 1 जून। फरीदाबाद में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. इस घटना के बाद मृतका के परिजनों ने उसके पति, उसकी कथित प्रेमिका और प्रेमिका के माता-पिता पर हत्या का आरोप लगाया है. पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर हत्या की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. मृतका की पहचान सविता तेवतिया के रूप में हुई है. सविता की शादी करीब 18 साल पहले उत्तर प्रदेश के जेवर जिले के नगला गांव निवासी संदीप से हुई थी. हालांकि शादी के बाद से संदीप और उसका परिवार फरीदाबाद के सेक्टर-7 इलाके में रह रहा था.

परिजनों के अनुसार, शादी के शुरुआती वर्षों में सब कुछ सामान्य था और इस दौरान सविता ने दो बच्चों को जन्म दिया. सविता और उसका पति संदीप घर पर बच्चों को कोचिंग भी पढ़ाते थे. आरोप है कि इसी दौरान कोचिंग पढ़ने आने वाली एक छात्रा से संदीप के संबंध बन गए. परिवार का दावा है कि उस समय छात्रा नाबालिग थी और तभी से दोनों के बीच संबंध बने हुए थे.

मृतका के भाइयों का आरोप है कि उन्होंने कई बार इस मामले को लेकर संदीप और उसके परिवार से बात की, लेकिन कोई बदलाव नहीं आया. उनका कहना है कि अब वह छात्रा बालिग हो चुकी है और एक कंपनी में नौकरी करती है, लेकिन संदीप और उसके बीच संबंध जारी रहे.

प्रेमिका घर पर आकर देती थी धमकी
परिजनों का आरोप है कि कथित प्रेमिका कई बार उनके सामने और सविता के सामने घर आकर धमकी देती थी. वह कहती थी कि वह संदीप के साथ ही रहेगी और उससे ही शादी करेगी. परिवार का कहना है कि इन घटनाओं के कारण सविता लंबे समय से मानसिक तनाव में थी. घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन मौके पर पहुंचे. उनका आरोप है कि घटना के बाद से संदीप फरार है. उन्होंने पुलिस से पति, उसकी कथित प्रेमिका और प्रेमिका के परिजनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.

वहीं दूसरी तरफ, मृतका के ससुर कैप्टन सुरेंद्र कुमार ने खुद को निर्दोष बताया है. उन्होंने कहा कि घटना के समय वह, उनका बेटा और उनकी पत्नी घर पर नहीं थे. परिवार के लोग जेवर गए हुए थे क्योंकि उनके चाचा का निधन हो गया था. उस समय घर में केवल सविता मौजूद थी और मकान में राजमिस्त्री का काम चल रहा था.

सुरेंद्र कुमार के अनुसार, उन्होंने दिन में दो बार सविता से फोन पर बात भी की थी. कुछ समय बाद वहां काम कर रहे मिस्त्री ने फोन कर बताया कि सविता दरवाजा नहीं खोल रही है. इसके बाद उन्होंने पड़ोस में रहने वाले एक युवक को घर भेजा. जब युवक अंदर पहुंचा तो उसने सविता को फंदे से लटका हुआ पाया.

उन्होंने बताया कि सूचना मिलने के बाद परिवार फरीदाबाद लौटा और सविता को फंदे से उतारकर एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. उनका कहना है कि घटना में उनका कोई हाथ नहीं है. इस मामले में सेक्टर-7 चौकी प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि उन्हें एक निजी अस्पताल से महिला के मृत अवस्था में लाए जाने की सूचना मिली थी. पुलिस अस्पताल पहुंची और वहां मृतका के परिजनों ने पति, उसकी कथित प्रेमिका और प्रेमिका के माता-पिता पर हत्या का आरोप लगाया.

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की
पुलिस ने शिकायत के आधार पर हत्या की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है. फिलहाल शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button