
टिहरी, 2 जून। देवप्रयाग ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर थाना देवप्रयाग क्षेत्र के चकासा स्थित गंगा होटल दर्शन के समीप एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. यहां एक इनोवा वाहन 200 मीटर गहरी खाई में गिरने के बाद गंगा नदी में गिर गया. सूचना मिलते ही थाना देवप्रयाग पुलिस टीम और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची. जिसके बाद राहत बचाव दल की टीमें वाहन की तलाश में जुट गई है. घटना मंगलवार सुबह 10 बजे बदरीनाथ हाईवे पर देवप्रयाग से करीब 5 किमी आगे (पंतगांव, सैनिक गंगा दर्शन होटल के समीप की है।
काफी तेज गति से चल रही थी इनोवा कार
जानकारी के अनुसार, देवप्रयाग क्षेत्र के चकासा में एक इनोवा कार वाहन संख्या UK 08 TA 5433 अनियंत्रित होकर लगभग 200 मीटर गहरी खाई में गिरने के बाद गंगा नदी में समा गई. हादसा इतना भीषण था कि सड़क किनारे लगा क्रैश बैरियर भी वाहन को रोक नहीं सका. कार बैरियर को तोड़ते हुए सीधे गहरी खाई में जा गिरी और तेज बहाव वाली गंगा नदी में समा गई. घटना की सूचना मिलते ही थाना देवप्रयाग पुलिस टीम और संबंधित क्षेत्र के पटवारी मौके पर पहुंच गए. वहीं राहत एवं बचाव कार्य के लिए एसडीआरएफ की श्रीनगर, ब्यासी और ढालवाला से तीन टीमें तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना की गई हैं.
गाड़ी में चालक समेत राजस्थान के दो परिवार के 8 लोग थे सवार, 3 के मरने की पुष्टि
मरने वालों में जिनकी पहचान हुई है वे हैं जैसलमेर के दिनेश कुमार माली उनकी माता कमला देवी और स्थानीय उत्तराखंडी चालक अखिलेश शामिल हैं, जिनकी इस हादसे में जान चली गयी है। दिनेश के पिता खराब स्वास्थ्य के कारण हरिद्वार के धरमशाला में ही रुक गये थे, जिससे वेे इस हादसे का शिकार होने से बच गये। 12 साल के बच्चे को बेहद गंभीर अवस्था में रेस्क्यू कर श्रीनगर बेस अस्पताल के बाद एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया गया है, जहां वह आईसीयू में वेंटिलेटर सपोर्ट पर है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, वाहन में सवार व्यक्ति राजस्थान राज्य के निवासी बताए जा रहे हैं. एसडीआरएफ और स्थानीय पुलिस द्वारा एक गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को सुरक्षित निकालकर उपचार हेतु अस्पताल भिजवाया गया है. घटनास्थल पर सर्चिंग के दौरान दो व्यक्तियों के शव बरामद किए गए हैं. अन्य संभावित लापता व्यक्तियों की तलाश हेतु एसडीआरएफ और पुलिस द्वारा नदी तट और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक सर्च अभियान चलाया जा रहा है.
रेस्क्यू एवं सर्च अभियान निरंतर जारी है. घटना से संबंधित अन्य तथ्यों और वाहन में सवार व्यक्तियों की संख्या के संबंध में जानकारी प्राप्त की जा रही है. आगे प्राप्त होने वाली जानकारी के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि घटनास्थल के आसपास अनावश्यक भीड़ न लगाएं और राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग करें.



