थलनदी में मानव वन्यजीव संघर्ष और किसानों की समस्याओं को लेकर UKD का विशाल धरना

यमकेश्वर, 10 जून। ऐतिहासिक स्थल थलनदी में 12 जून 2026 को जनता के सहयोग से उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) द्वारा विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। यूकेडी के संरक्षक डॉ. शक्तिशैल कपरवाण के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर सरकार के समक्ष मांगें रखी जाएंगी।
वन्यजीव समस्या और किसानों के मुद्दों पर उठेंगी मांगें
धरने के माध्यम से यूकेडी ने पहाड़ी क्षेत्रों में बढ़ते मानव-वन्यजीव संघर्ष को प्रमुख मुद्दा बताया है। संगठन की मांग है कि जंगली हिंसक जानवरों के अड्डे बन चुकी लैंटाना झाड़ियों का जड़ से उन्मूलन किया जाए तथा वन्यजीवों के लिए गांवों से दूर विशेष पार्क विकसित किए जाएं।
संगठन ने यह भी मांग उठाई है कि अन्य प्रदेशों अथवा विदेशों से वन्यजीवों को पहाड़ी क्षेत्रों में छोड़े जाने की किसी भी प्रक्रिया पर रोक लगाई जाए। इसके साथ ही कृषि, उद्यान और दुग्ध उत्पादन से जुड़े युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए अनुदान तथा प्रतिमाह 10 हजार रुपये “ग्रीन बोनस” दिए जाने की मांग भी रखी गई है।
अधिक से अधिक संख्या में धरनास्थल पर पहंुचने की अपील
यूकेडी ने क्षेत्र की जनता से अधिक से अधिक संख्या में धरना स्थल पर पहुंचकर जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने का आह्वान किया है। संगठन का कहना है कि पहाड़ के किसानों, पशुपालकों और ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए जनसहभागिता आवश्यक है।



