उत्तराखंडदेश-विदेशबड़ी खबरसामाजिकस्वास्थ्य

उत्तराखंड के कुल्हाल बॉर्डर पर निहंग सिखों को लेकर हाई अलर्ट, ITBP के जवान भी तैनात

Listen to this article

देहरादून, 25 जून। उत्तराखंड में बीते कुछ दिनों से चल रहे निहंगों सिखों के विवाद का मामला खत्म होने का नाम ही नहीं ले रहा है. निहंगों ने उत्तराखंड कूच का ऐलान किया था, उसी को देखते हुए उत्तराखंड के देहरादून जिले में हिमाचल और यूपी बॉर्डर पर हाई अलर्ट किया गया है. राज्य की सीमाओं पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है.

निहंगों की संभावित आवाजाही को लेकर तैनात हुई ITBP
हिमाचल से सटे विकासनगर क्षेत्र के कुल्हाल बॉर्डर पर सुरक्षा व्यवस्था को चाक चौबंद कर दिया गया है. निहंगों की संभावित आवाजाही की सूचनाओं के मद्देनजर पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है. देर रात से लेकर सुबह तड़के तक पुलिस की अलग-अलग टीमें नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में सक्रिय रहीं. क्षेत्राधिकारियों के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के तहत अंतरराज्यीय और अंतर्जनपदीय सीमाओं के साथ-साथ प्रमुख आंतरिक मार्गों पर भी वाहनों की गहन जांच की जा रही है. पुलिस द्वारा संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे व्यक्तियों से पूछताछ कर उनकी पहचान और सत्यापन संबंधी जानकारियां जुटाई जा रही हैं. अधिकारियों को स्वयं मैदान में उतरकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के निर्देश दिए गए हैं.

विकासनगर कोतवाली बार्डर पर व्यवस्था अधिक सख्त
देहरादून की विकासनगर कोतवाली क्षेत्र के कुल्हाल बॉर्डर पर सुरक्षा व्यवस्था सबसे अधिक सख्त दिखाई दी. यहां भारी संख्या में उत्तराखंड पुलिस और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के जवान तैनात किए गए हैं. देहरादून एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल के अनुसार किसी भी समूह को बिना आवश्यक जांच और अनुमति के उत्तराखंड की सीमा में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा. सुरक्षा एजेंसियां सीमा क्षेत्र में हर गतिविधि पर पैनी नजर बनाए हुए हैं.

मौके पर एसपी देहात पंकज गैरोला, विकासनगर कोतवाल राजीव रौथाण समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहकर सुरक्षा प्रबंधों की निगरानी कर रहे हैं. पुलिस ने हिमाचल प्रदेश को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण मार्गों पर अतिरिक्त निगरानी बढ़ा दी है. वहीं डाकपत्थर पुल और डाकपत्थर बैराज क्षेत्र में भी सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है. यह क्षेत्र उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के बीच आवाजाही का प्रमुख संपर्क मार्ग माना जाता है.

अप्रिय घटना से निपटने को लेकर बढ़ाई गयी है निगरानी
पुलिस ने ये भी कहा है कि ये किसी विशेष समुदाय या समूह को लक्षित करने के लिए नहीं, बल्कि शांति, कानून-व्यवस्था और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है. संवेदनशील परिस्थितियों को देखते हुए सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाई गई है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से समय रहते निपटा जा सके. दून पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button