
पौड़ी, 24 जून। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देश पर जनपद में घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया गया। आपूर्ति विभाग की विभिन्न टीमों ने होटल, ढाबों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और गैस एजेंसियों का निरीक्षण कर नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की।
जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि अभियान के तहत जनपद भर में 07 गैस एजेंसियों तथा 180 होटल, ढाबों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान 23 घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग पाया गया। इनमें से 19 सिलेंडरों पर कुल 43 हजार 800 रुपये का चालान किया गया, जबकि 4 सिलेंडर जब्त किए गए।
पौड़ी इलाके में 17 प्रतिष्ठानों की हुई जांच
पौड़ी क्षेत्र में 17 प्रतिष्ठानों की जांच के दौरान 6 घरेलू गैस सिलेंडरों का दुरुपयोग पाए जाने पर 13,800 रुपये का चालान किया गया। वहीं कोटद्वार क्षेत्र में 3 गैस एजेंसियों और 25 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया, जहां 5 सिलेंडरों के दुरुपयोग पर 11,500 रुपये की चालानी कार्रवाई की गई।
सतपुलि-अमोठा इलाकेमे ं एक एजेंसी और 11 प्रतिष्ठानों की हुई जांच
श्रीनगर क्षेत्र में 14 प्रतिष्ठानों के निरीक्षण के दौरान 5 घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग मिला। इनमें एक सिलेंडर पर 2,300 रुपये का चालान किया गया तथा चार सिलेंडर जब्त किए गए। सतपुली-अमोठा क्षेत्र में एक गैस एजेंसी और 11 प्रतिष्ठानों की जांच के दौरान एक सिलेंडर के दुरुपयोग पर 2,300 रुपये का चालान किया गया।
कई अन्य इलाकों में चला सघन जांच अभियान
इसके अलावा बेदीखाल, घुड़दौड़ी, कोट, पाबौ, लक्ष्मणझूला, चैलूसैंण, चौबट्टाखाल, नौगांवखाल, उफरैंखाल, त्रिपालीसैंण और लैन्सडाउन क्षेत्रों में भी निरीक्षण अभियान चलाया गया।
जिला पूर्ति अधिकारी ने कहा कि घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग नियमों के विरुद्ध है। ऐसे मामलों की रोकथाम के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



