उत्तराखंडक्राइमबड़ी खबरयूथ कार्नरशिक्षासामाजिकस्वास्थ्य

विकास की वेदी पर पर्यावरण की बलि, भानियावाला में फोरलेन के नाम पर धराशायी हुए सदियों पुराने पेड़

Listen to this article

ऋषिकेश, 14 जुलाई, 26. भानियावाला-ऋषिकेश फोरलेन मार्ग निर्माण के लिए चार दिन बाद पेड़ों का कटान शुरू हो गया है। पेड़ कटान में पर्यावरणप्रेमी व्यवधान न डालें इसके लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। हल्के-फुल्के विरोध के बीच पेड़ों का कटान किया गया। सोमवार को करीब 100 पेड़ काटे गए।

सोमवार की सुबह भानियावाला-ऋषिकेश फोरलेन मार्ग खामोश था
सोमवार की सुबह भानियावाला-ऋषिकेश फोरलेन मार्ग पर एक अजीब सी खामोशी थी। भारी पुलिस बल तैनात था, मशीनें तैयार थीं और सामने खड़े थे वे लोग, जो पिछले कई दिनों से पेड़ों को बचाने की लड़ाई लड़ रहे थे। कुछ ही देर में जैसे ही पहली आरी चली और वर्षों पुराना एक विशाल पेड़ भरभराकर जमीन पर गिरा, वहां खड़े कई पर्यावरण प्रेमियों की आंखें छलक पड़ीं। किसी ने दोनों हाथों से चेहरा ढक लिया, कोई सड़क किनारे बैठकर फफक-फफक कर रोने लगा तो कोई बीच सड़क पर बैठकर कटान रोकने की आखिरी कोशिश करता रहा। लेकिन पुलिस के घेरे और प्रशासनिक व्यवस्था के सामने उनकी एक न चली।

आंदोलन के कारण पेड़ों का कटान रोका गया था

भानियावाला-ऋषिकेश फोरलेन परियोजना के लिए संरक्षित प्रजाति के तीन हजार से अधिक पेड़ों का कटान प्रस्तावित है। पेड़ों को बचाने के लिए पर्यावरण प्रेमी, सामाजिक संगठन और स्थानीय लोग पिछले कई दिनों से लगातार धरना-प्रदर्शन कर रहे थे। उनका कहना था कि विकास जरूरी है, लेकिन विकास की कीमत हजारों पेड़ों और पर्यावरण को उजाड़कर नहीं चुकाई जानी चाहिए। विरोध को देखते हुए वन निगम और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने पहले ही पुलिस सुरक्षा की मांग की थी। बीते बृहस्पतिवार से आंदोलन के कारण पेड़ों का कटान रोक दिया गया था, लेकिन सोमवार को भारी पुलिस बल की मौजूदगी में फिर से आरियां चलनी शुरू हो गईं।

वन विभाग के अधिकांश कर्मचारी भी असहज
भानियावाला-ऋषिकेश फोरलेन परियोजना के लिए बरसात के मौसम में हो रहे पेड़ों के कटान को लेकर वन विभाग के कई कर्मचारी भी असहज महसूस कर रहे हैं। विभाग के अधिकांश कर्मचारी खुलकर कुछ भी बोलने से बचते रहे, लेकिन अनौपचारिक बातचीत में कई कर्मचारियों ने माना कि यह समय पेड़ काटने का नहीं, बल्कि पौधरोपण का है। कर्मचारियों का कहना था कि बरसात का मौसम हरियाली बढ़ाने और नए पौधे लगाने के लिए सबसे उपयुक्त माना जाता है। ऐसे समय में बड़ी संख्या में पेड़ों का कटान होना उन्हें भी उचित नहीं लगता।

19 किमी दायरे में तीन हजार से अधिक पेड़ हैं काटे जाने
भानियावाला-ऋषिकेश फोरलेन मार्ग के लिए 19 किमी के दायरे में संरक्षित प्रजाति के करीब तीन हजार से अधिक पेड़ काटे जाने हैं। करीब डेढ़ सप्ताह पूर्व पेड़ों का कटान शुरू हुआ था। लेकिन यहां लगातार पर्यावरणप्रेमी पेड़ों के कटान का विरोध कर रहे थे। बीते बृहस्पतिवार को वन निगम ने यह कह कर पेड़ों का कटान बंद कर दिया था कि जब तक पर्याप्त पुलिस बल तैनात नहीं किया जाता, पेड़ों का कटान नहीं किया जाएगा। सोमवार को सुबह 9 बजे से पहले ही पेड़ कटान वाले स्थान पर पुलिस तैनात कर दी गई थी। हालांकि पेड़ों के कटान का विरोध करने वाले पर्यावरण प्रेमियों की संख्या भी अन्य दिनों की तुलना काफी कम थी, जिससे हल्के-फुल्के विरोध के बीच पेड़ों का कटान शुरू हुआ। जो देर शाम तक चलता रहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button