उत्तराखंडखेलदेश-विदेशमनोरंजनयूथ कार्नर

देहरादून के हिमाद्री आइस रिंक में एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग प्रतियोगिता शुरू

देहरादून, 17 अगस्त, 26. राजधानी देहरादून एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय आइस स्पोर्ट्स के बड़े आयोजन की मेजबानी करने जा रहा है. आइस स्केटिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया (ISAI) ने एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी 2026के आयोजन की आधिकारिक घोषणा कर दी है. प्रतियोगिता का आयोजन 17 से 20 अगस्त 2026 तक देहरादून के महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स स्थित हिमाद्री आइस रिंक में किया जाएगा. हिमाद्री आइस रिंक में सोमवार से एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी-2026 का रोमांच शुरू हो गया। अंतरराष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में 14 देशों के 270 से अधिक खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता के लिए विभिन्न देशों की टीमें देहरादून पहुंच चुकी हैं, जबकि 102 कोच, रेफरी और अन्य तकनीकी अधिकारी भी आयोजन का हिस्सा बने हैं।

कई विदेशी खिलाड़ी ले रहे हैं हिस्सा
प्रतियोगिता में हांगकांग, थाईलैंड, वियतनाम, फिलीपींस, सिंगापुर, ऑस्ट्रेलिया, मंगोलिया, मलेशिया, चीनी ताइपे, इंडोनेशिया, उज्बेकिस्तान, चीन, दक्षिण कोरिया और मेजबान भारत के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। 14 अगस्त से खिलाड़ियों का आधिकारिक अभ्यास शुरू हो चुका है और सोमवार को भी हिमाद्री आइस रिंक में विभिन्न देशों के खिलाड़ियों ने जमकर अभ्यास किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड अब देवभूमि और वीरभूमि के साथ खेलभूमि के रूप में भी अपनी पहचान बना रहा है। सरकार खेलों और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार सुविधाओं का विस्तार कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवा खेलों के क्षेत्र में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने की प्रतियोगिता की शुरुआत
प्रतियोगिता की खास बात यह है कि इसमें विश्व कप स्तर का समय हासिल करने वाले भारतीय खिलाड़ियों को आगे विश्व कप प्रतियोगिताओं में खेलने का अवसर मिल सकेगा। ऐसे में देहरादून की यह प्रतियोगिता भारतीय शॉर्ट ट्रैक स्केटिंग के खिलाड़ियों के लिए अंतरराष्ट्रीय मंच पर आगे बढ़ने का महत्वपूर्ण अवसर साबित हो सकती है। भारत लगातार दूसरी बार इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी कर रहा है। 17 से 20 अगस्त तक चलने वाली प्रतियोगिता के दौरान हिमाद्री आइस रिंक में देश-विदेश के शीर्ष खिलाड़ियों की रफ्तार और तकनीक का रोमांच देखने को मिलेगा।

दर्शकों के लिए कोई प्रवेश शुल्क नहीं
वहीं बड़ी संख्या में अंतरराष्ट्रीय प्रतिभागियों के देहरादून पहुंचने से शहर में अंतरराष्ट्रीय आइस स्पोर्ट्स की गतिविधियां बढ़ेंगी और उत्तराखंड को एक नए विंटर स्पोर्ट्स डेस्टिनेशन के रूप में पहचान मिलने में मदद मिल सकती है. खास बात यह है कि प्रतियोगिता को देखने के लिए दर्शकों से कोई प्रवेश शुल्क नहीं लिया जाएगा. प्रतियोगिता का यूट्यूब पर नि:शुल्क लाइव प्रसारण भी किया जाएगा. इससे भारत में होने वाली आइस स्पोर्ट्स प्रतियोगिता को देश और विदेश के दर्शक ऑनलाइन देख सकेंगे और भारतीय खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्यापक पहचान मिलने का मौका मिलेगा.

लगातार दूसरी बार एशियन ओपन की मेजबानी करना भारत और उत्तराखंड दोनों के लिए गर्व की बात है. यह प्रतियोगिता केवल मुकाबलों तक सीमित नहीं है, बल्कि भारत में शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग के मजबूत भविष्य की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है.
-डॉ. अमिताभ शर्मा, अध्यक्ष, ISAI

Related Articles

Back to top button