उत्तरप्रदेशउत्तराखंडदेश-विदेशपर्यटनबड़ी खबरशिक्षासामाजिक

हरिद्वार में 21 फुट ऊंची शिव मूर्ति का भव्य लोकार्पण, नया आध्यात्मिक केंद्र बनी धर्मनगरी

हरिद्वार, 25 अगस्त, 26. धर्मनगरी हरिद्वार को सावन के महीने में एक नई पहचान मिली है. सिंचाई विभाग उत्तर प्रदेश की ओर से यहां ओम पुल के पास 21 फीट ऊंची भगवान शिव की भव्य प्रतिमा स्थापित की गई है. एफआरपी पत्थर से निर्मित इस प्रतिमा का उत्तर प्रदेश के सिंचाई मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने विधि विधान के साथ लोकार्पण किया. करीब 100 वर्ष की अनुमानित लाइफ वाली यह प्रतिमा क्षेत्र के सौंदर्यीकरण के साथ श्रद्धालुओं और पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनेगी.

वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा अर्चना के साथ स्थापित की गयी मूर्ति


लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा अर्चना की गई. इसके बाद सिंचाई मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने क्रेन में खड़े होकर शिवजी की प्रतिमा का अनावरण किया. उन्होंने कहा भगवान शिव की इस दिव्य प्रतिमा का अनावरण शुभ संकेत है. यहां नियमित रूप से स्तुति और धार्मिक आयोजन भी किए जाएंगे. जिससे क्षेत्र का आध्यात्मिक वातावरण और मजबूत होगा.

धार्मिक और आस्था का प्रमुख केंद्र है हरिद्वार : स्वतंत्र देव सिंह
स्वतंत्र देव सिंह ने कहा हरिद्वार धार्मिक और आस्था का प्रमुख केंद्र है. ऐसे में यहां होने वाले विकास कार्यों का महत्व और बढ़ जाता है. स्वतंत्र देव सिंह ने कहा आने वाले कुंभ मेले को लेकर उत्तराखंड सरकार की ओर से तैयारियां की जा रही हैं. उत्तर प्रदेश सरकार और सिंचाई विभाग की ओर से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार को हरसंभव सहयोग दिया जाएगा.

स्वतंत्र देव सिंह ने कहा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भीमगोड़ा बैराज से वर्षों से हो रही सीपेज की समस्या का समाधान किया गया है. बैराज के गेट बंद किए बिना गेटों को बदलकर सीपेज को रोकने का काम किया गया. इससे उत्तर प्रदेश के करीब 15 जिलों के किसानों को सिंचाई व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण का लाभ मिल रहा है. उन्होंने कहा सिंचाई विभाग की ओर से बंधों को मजबूत करने का काम भी किया गया है. इससे बाढ़ के खतरे को कम करने में मदद मिलेगी.

ओम पुल हरिद्वार की पहचान बन गया है. हरिद्वार में धार्मिक आस्था के साथ विकास और सौंदर्यीकरण को भी आगे बढ़ाया जा रहा है. ओम पुल के समीप स्थापित भगवान शिव की प्रतिमा इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है. प्रतिमा के स्थापित होने से क्षेत्र की भव्यता बढ़ने के साथ यहां आने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह नया आकर्षण बनेगा. निश्चित रूप से ओम पुल के साथ-साथ इस मूर्ति के रखरखाव की पूरी देखने की जाएगी.
विकास त्यागी, यूपी सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता

Related Articles

Back to top button