
देहरादून, 13 सितंबर, 26. चारधाम यात्रा में गंगोत्री धाम आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या नया रिकॉर्ड बना चुकी है। गंगोत्री धाम के यात्रा इतिहास में पहली बार यात्रा में 7.87 लाख श्रद्धालु मां गंगा के दर्शन कर चुके हैं। अभी यात्रा जारी है।
पहली बार 7.87 लाख श्रद्धालुओं ने किये दर्शन
यमुनोत्री के बाद अब गंगोत्री धाम में श्रद्धालुओं की संख्या ने नया रिकॉर्ड बनाया है। गंगोत्री धाम के यात्रा इतिहास में पहली बार सर्वाधिक 7.87 लाख श्रद्धालु दर्शन को पहुंचे हैं। 12 सितंबर तक चारों धामों को मिलाकर कुल 50 लाख 28 हजार 497 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं, जो बीते वर्ष की इसी अवधि (45.09 लाख) की तुलना में 5.19 लाख अधिक है।
पुराने सभी रिकार्ड ध्वस्त
चारधाम यात्रा की कुल यात्री संख्या पर नजर दौड़ाएं तो इस यात्राकाल के 148 दिनों (13 सितंबर तक) में 50 लाख 43 हजार 436 श्रद्धालु चारधाम दर्शन कर चुके हैं। वर्ष 2022 में 07 लाख 81 हजार 961, 2025 में 07 लाख 58 हजार 249 और 2023 में 07 लाख 12 हजार 749 यात्री गंगोत्री धाम में दर्शन को पहुंचे थे। बदरीनाथ यात्रा भी नया रिकॉर्ड बनाने की ओर बढ़ रही है। 23 अप्रैल को शुरू हुई बदरीनाथ यात्रा 12 सितंबर को 143 दिन की अवधि पूर्ण कर चुकी है।
दूसरा चरण 15 सितंबर से
मानसून की विदाई के बाद 15 सितंबर से यात्रा का दूसरा चरण शुरू हो रहा है। कपाट बंद होने में अभी करीब दो महीने का समय बाकी है, जिससे कुल संख्या में और भारी इजाफे का अनुमान है।
चारधाम यात्रा का पहला चरण बेहद सफल रहा है। दूसरे चरण में भी बड़ी संख्या में तीर्थयात्रियों के पहुंचने का अनुमान है। इसे देखते हुए सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं। यात्रा से जुड़े सभी जिलों में आपदा प्रबंधन विभाग को अलर्ट मोड में रखा गया है।
– पुष्कर सिंह धामी मुख्यमंत्री



