
उत्तरकाशी, 15 सितंबर, 26. मोरी विकासखंड की फतेहपर्वत पट्टी में खन्यासणी-पुजेली मोटर मार्ग पर जागड़ा मेले एक बोलेरो कैंपर वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा. हादसे में एक व्यक्ति की मौत तो 11 लोग घायल हो गए. हादसे के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान चलाकर सभी घायलों को खाई से बाहर निकाला. इसके बाद घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोरी पहुंचाया गया. जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है.
जागड़ा मेले से लौटते समय हुआ हादसा
पुलिस के मुताबिक, हड़वाड़ी गांव के ग्रामीण मंगलवार को खन्यासणी में आयोजित जागड़ा मेले में शामिल होने गए थे. शाम को मेले से वापस लौटते समय खन्यासणी और पुजेली गांव के बीच बोलेरो कैंपर वाहन संख्या UK 07 C 5821 अचानक अनियंत्रित हो गया. जिससे वाहन सड़क से नीचे करीब 200 मीटर खाई में जा गिरा.
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया. स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद वाहन में फंसे और घायल लोगों को बाहर निकाला. देर शाम करीब 7 बजे सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोरी पहुंचाया गया.
9 घायलों को हायर सेंटर किया गया रेफर
हादसे के वक्त वाहन में चालक समेत 12 लोग सवार थे. जिसमें से 1 व्यक्ति की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. जबकि, 11 लोग घायल हो गए. इनमें 3 महिलाएं भी शामिल हैं. वहीं, मोरी में 9 घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद हायर सेंटर देहरादून रेफर कर दिया गया है.
हादसे में मौत- उपेंद्र सिंह पुत्र बेगा सिंह (उम्र 52 वर्ष), निवासी- हड़वाडी, मोरी
घायलों के नाम- मस्तू पुत्र जीवा सिंह (उम्र 45 वर्ष), निवासी- हड़वाडी, मोरी, अरविंद्र सिंह पुत्र जयपाल सिंह (उम्र 23 वर्ष), निवासी- बरी, मोरी, रमेश पुत्र चंदर सिंह (उम्र 40 वर्ष), निवासी- बरी, मोरी, राधा पत्नी अनिल (उम्र 28 वर्ष), निवासी- पुजेली, मोरी, साइकिलू पुत्र अमरू (उम्र 35 वर्ष), निवासी- हड़वाडी, मोरी, जगमोहन पुत्र राम सिंह (उम्र 50 वर्ष), निवासी- हड़वाडी, मोरी, शिशपाली पत्नी साइकिलू (उम्र 32 वर्ष), निवासी- हड़वाडी, मोरी, माधी देवी पत्नी हरिलाल (उम्र 35 वर्ष), निवासी- पुजेली, मोरी, अनिल (वाहन चालक), केदार पुत्र जड़ियान सिंह (उम्र 60 वर्ष), निवासी- हड़वाडी, मोरी और योगेश।
मूसलाधार बारिश के बीच हुआ हादसा
ग्रामीणों के मुताबिक, हादसे के समय क्षेत्र में मूसलाधार बारिश हो रही थी. खराब मौसम के साथ ही क्षेत्र में दूरसंचार सेवाएं बाधित होने के कारण हादसे की सूचना प्रशासन तक पहुंचने में भी देरी हुई. सूचना मिलने के बाद मोरी पुलिस और राजस्व विभाग की टीम घटनास्थल के लिए रवाना हुई. पुलिस और राजस्व टीम ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है.
खस्ताहाल सड़क को लेकर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
ग्रामीणों ने बताया कि खन्यासणी-पुजेली मोटर मार्ग लंबे समय से खस्ताहाल है. बारिश के दौरान सड़क पर जगह-जगह फिसलन और गड्ढों के कारण आवाजाही जोखिम भरी हो जाती है. ग्रामीणों का कहना है कि मार्ग की स्थिति में सुधार नहीं होने से यहां लगातार दुर्घटना का खतरा बना हुआ है. उन्होंने संबंधित विभाग से सड़क की मरम्मत और सुरक्षा इंतजाम जल्द दुरुस्त कराने की मांग की है.



