
बिथ्याणी (यमकेश्वर), 29 सितंबर 2026। महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय बिथ्याणी (यमकेश्वर), पौड़ी गढ़वाल में छात्रसंघ निर्वाचन वर्ष 2026–27 के परिणाम आज घोषित कर दिए गए। महाविद्यालय द्वारा जारी आधिकारिक परिणाम पत्र के अनुसार मतगणना के उपरांत अध्यक्ष पद पर दिव्यांशी निर्वाचित विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर अभिनव उनियाल निर्वाचित हुए। अन्य पदों पर प्रत्याशियों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।


अध्यक्ष पद के लिए सीधे मुकाबले में ABVP की दिव्यांशी ने USF की प्रीति को हराया
छात्रसंघ अध्यक्ष पद के लिए पड़े कुल 134 मतों में से दिव्यांशी (ABVP) को 97 मत जबकि प्रीति (USF) को मात्र 28 मत वोट मिले, जबकि 9 वोट अवैध करार दिये गये। इसी तरह विश्वविद्यालय प्रतिनिधि (UR) के लिए हुए मतदान में ABVP के ही अभिनव उनियाल ने 102 मत प्राप्त किये, जबकि उनके खिलाफ खड़ी USF की शिवानी 22 मतों से ही संतोष करना पड़ा। इसके अलावा 10 मत अवैध मत करार दिये गये। इसी तरह उपाध्यक्ष, सचिव, सह सचिव और कोषाध्यक्ष पद पर एकमात्र नामांकन होने के कारण उपाध्यक्ष ABVP गुंजन बीए तृतीय सेमेस्टर, सचिव ABVP अनीशा बीए तृतीय सेमेस्टर, सह सचिव ABVP अंकिता बीएस-सी. प्रथम समेस्टर और कोषाध्यक्ष ABVP कुसुम बीए प्रथम सेमेस्टर को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया।


छात्रसंघ कार्यकारिणी सदस्य मनोनीत
इसके साथ ही छात्रसंघ कार्यकारिणी के छह सदस्यों को मनोनीत किया गया है। इनमें कु साक्षी (बीए पंचम सेमेस्टर), कु बबीता (बीए पंचम सेमेस्टर), कु कृष्णा (बीए पंचम सेमेस्टर), प्रियांशु (बीए तृतीय सेमेस्टर), कु साक्षी (बीए प्रथम सेमेस्टर) तथा कु अंजली (बीए प्रथम सेमेस्टर) शामिल हैं। इस प्रकार छात्रसंघ के निर्वाचित पदाधिकारियों के साथ कार्यकारिणी का भी गठन पूरा हो गया है।
छात्रसंघ शपथ ग्रहण और शुभकामनाएं
निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान निर्वाचन समिति द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्य किया गया। परिणाम पत्र पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. गिरिराज सिंह तथा प्राचार्य प्रो. (डॉ.) योगेश कुमार शर्मा के हस्ताक्षर से जारी हुआ । निर्वाचन प्रक्रिया के सफल संचालन में निर्वाचन समिति एवं महाविद्यालय के समस्त कार्मिकों का सहयोग रहा। महाविद्यालय के प्राचार्य ने छात्रसंघ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं मनोनीत कार्यकारिणी सदस्यों को शपथ दिलायी एवं शुभकामनाएं दीं और छात्रहित, शैक्षणिक गतिविधियों तथा महाविद्यालय के अनुशासित एवं सकारात्मक वातावरण में रचनात्मक भूमिका निभाने की अपेक्षा व्यक्त की।



