उत्तराखंडबड़ी खबरशिक्षासामाजिक

परिवहन मंत्री से तमाम मांगों पर सहमति होने के बाद रोडवेज कर्मचारियों की हड़ताल टली

देहरादून, 31 अक्टूबर, 26. उत्तराखंड परिवहन निगम के कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर 30 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर डटे हुए थे. जिसको देखते हुए परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने शनिवार को रोडवेज कर्मचारी यूनियन के प्रतिनिधियों और विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक की. बैठक के दौरान निगम के कर्मचारियों की मांगों पर चर्चा की गई. जिसमें रोडवेज कर्मचारियों के तमाम मांगों पर सहमति बन गई है. जिसके तहत 4 नवंबर तक निगम के कर्मचारियों को अगस्त महीने का वेतन बोनस सहित जारी कर दिया जाएगा. इसके बाद नवंबर अंत तक सितंबर महीने के वेतन का भी भुगतान कर दिया जाएगा.

4 नवम्बर तक मिल जाएगा अगस्त का वेतन और बोनस
दरअसल बैठक के दौरान परिवहन निगम के कर्मचारियों ने इस बात पर जोर दिया कि पिछले 3 महीने से उन्हें वेतन का भुगतान नहीं हो पाया है. उन्होंने हर महीने की 7 तारीख को कर्मचारियों का वेतन भुगतान की मांग की. इसके बाद बैठक में निर्णय लिया गया कि इसके स्थाई समाधान की दिशा में काम किया जाएगा. उससे पहले 4 नवंबर तक अगस्त महीने का वेतन और दीपावली का बोनस दिया जाएगा. साथ ही नवंबर अंत तक सितंबर महीने का वेतन दे दिया जाएगा.

बैठक के दौरान इस बिंदु पर भी चर्चा की गई कि परिवहन निगम की ओर से छात्रों, बुजुर्गों समेत तमाम लोगों के लिए निशुल्क यात्रा का प्रावधान किया जाता है जिसमें खर्च होने वाली धनराशि शासन से निगम को प्राप्त होती है. जिसमें करीब 2 महीने का समय लग जाता है. ऐसे में पैसा निगम को प्राप्त होने के बाद निगम को थोड़ी राहत जरूर मिलेगी. इसके साथ ही परिवहन विभाग के सचिव ने कहाकि निगम की पुरानी करोड़ों रुपए की देनदारी है उसके स्थाई समाधान के लिए वित्त विभाग से बातचीत कर वन टाइम समाधान निकालना पड़ेगा.

समान काम समान वेतन के मामले पर भी बनी सहमति
बैठक के दौरान परिवहन निगम के कर्मचारियों ने निगम की निर्धारित रूटों पर निजी बसों को परमिट देने का भी मुद्दा उठाया. साथ ही निजी बसों का संचालन उन रूटों पर ना किया जाए इसकी भी मांग की. संविदा एवं विशेष श्रेणी के कर्मचारियों को समान काम समान वेतन के मामले पर भी सहमति बनी है. जिसके तहत इससे संबंधित प्रस्ताव तैयार कर शासन और बोर्ड को भेजा जाएगा.

वर्तमान समय में निगम की वित्तीय स्थिति ठीक नहीं है. जिस वजह से कर्मचारियों का नियमितीकरण नहीं हो पा रहा है. बैठक के दौरान मंत्री ने कहा इस मामले पर काम किया जाएगा. इसके अलावा नियमित कर्मचारियों की तरह ही संविदा एवं विशेष कर्मचारियों को डीए की जगह मानदेय बढ़ाए जाने के विषय पर भी चर्चा हुई. जिस संबंध प्रस्ताव को बोर्ड में लाने में सहमति बनी है. यही नहीं, परिवहन निगम के बेड़े को बढ़ाए जाने का मुद्दा भी निगम कर्मचारियों ने उठाया, ताकि परिवहन निगम की आय को बढ़ाया जा सके.

बैठक काफी महत्वपूर्ण रही. बैठक के दौरान उनकी सभी मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाया गया है. मंत्री के ओर से उन्हें आश्वासन दिया गया है कि जल्द ही उनकी मांगे पूरी कर ली जाएंगी. उन्होंने कहा परिवहन निगम की ओर से कार्यक्रम जारी होने के बाद वो उसका अध्ययन करेंगे. इसके बाद आगे का निर्णय लेंगे. फिलहाल उन्होंने अपनी अनिश्चितकालीन हड़ताल को एक दिसंबर तक के लिए स्थगित कर दिया है.
अशोक चौधरी, महामंत्री , उत्तरांचल रोडवेज कर्मचारी यूनियन

Related Articles

Back to top button