5 नवंबर से ओमान में होने वाले U19 एशिया कप क्रिकेट के लिए उत्तराखंड के लक्ष्य बने कप्तान

देहरादून, 31 अक्टूबर, 26. BCCI की जूनियर क्रिकेट चयन समिति ने U19 एशिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट के लिए भारतीय जूनियर टीम की घोषणा कर दी है. टीम की कमान उत्तराखंड के उभरते युवा क्रिकेटर लक्ष्य रायचंदानी की सौंपी गई है. लक्ष्य पहले से ही जूनियर इंडिया की वनडे टीम की कप्तानी कर रहे थे. अब उन्हें एशिया कप जैसे महत्वपूर्ण टूर्नामेंट के लिए भी टीम की कमान सौंपी गई है.
उत्तराखंड के लक्ष्य को जूनियर एशिया कप के लिए इंडिया अंडर 19 टीम की कमान
उत्तराखंड के लक्ष्य रायचंदानी के नेतृत्व वाली टीम में दिग्गज बल्लेबाज रहे राहुल द्रविड़ और वीरेंद्र सहवाग के बेटे भी जूनियर एशिया कप का हिस्सा हैं. यानी अन्वय द्रविड़ और आर्यवीर सहवाग दोनों लक्ष्य रायचंदानी की कप्तानी में खेलेंगे.
जूनियर टेस्ट टीम के उप कप्तान भी हैं लक्ष्य
लक्ष्य रायचंदानी स्टाइलिश ओपनर बल्लेबाज हैं. हाल ही में भारत दौरे पर आई ऑस्ट्रेलिया जूनियर टीम के खिलाफ उन्होंने वनडे में शतक और टेस्ट में दोहरा शतक जमाकर अपनी प्रतिभा की छाप छोड़ी थी. इसी कारण चयनकर्ताओं ने राहुल द्रविड़ और वीरेंद्र सहवाग जैसे दिग्गजों के बेटों के होते हुए वनडे टीम की कमान लक्ष्य रायचंदानी को सौंपी है. लक्ष्य भारतीय जूनियर टेस्ट टीम के उप कप्तान भी हैं. लक्ष्य उत्तराखंड से रणजी ट्रॉफी के मैच भी खेलते हैं. इस सीजन में भी जब उन्हें समय मिला उन्होंने रणजी ट्रॉफी के मैच खेले.
5 नवंबर से है अंडर 19 एशिया कप क्रिकेट
ACC मेन्स U19 एशिया कप 5 से 14 नवंबर तक मस्कट और ओमान में खेला जाएगा. इस प्रतियोगिता के लिए इंडिया जूनियर टीम को UAE, नेपाल और पाकिस्तान के साथ ग्रुप A में रखा गया है. ग्रुप A और ग्रुप B (बांग्लादेश, श्रीलंका, अफगानिस्तान और मलेशिया) से दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी. प्रतियोगिता का फाइनल शनिवार, 14 नवंबर को होगा.
इंडिया U19 टीम
लक्ष्य रायचंदानी (कप्तान), आर्यवीर सहवाग, वी.के. विनीत, यशबर्धन सिंह चौहान (उप कप्तान), कुशाग्र ओझा, अर्जुन राजपूत, मनाल चौहान, अन्वय द्रविड़ (विकेट कीपर), रजत बघेल (विकेट कीपर), वी. यशवीर, आर्यन सवसानी, मोहित उल्वा, काव्या पटेल, शविन विनोद और ईशान सूद.
लक्ष्य रायचंदानी का अंडर19 एशिया कप के लिए कप्तान बनना उत्तराखंड के लिए बहुत बड़ी खुशी का समाचार है. वो बहुत हार्ड वर्किंग खिलाड़ी है. हमने उसे जब भी देखा मेहनत करते और अपनी कमियों को दूर करते हुए देखा है. सीएयू के पूर्व सचिव महिम वर्मा ने भी लक्ष्य पर बहुत मेहनत की है. उन्होंने उसे हर कदम पर पूरा सपोर्ट किया. लक्ष्य उत्तराखंड के साथ देश की क्रिकेट का भविष्य हैं.
-नवनीत मिश्रा, मैनेजर, उत्तराखंड रणजी क्रिकेट टीम



