अंकिता भंडारी केस में सामने आए पुलकित के पिता विनोद आर्य, बोले- कोई VIP नहीं, माता-पिता जिम्मेदार

हरिद्वार, 15 नवम्बर, 26. बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड के मुख्य दोषी पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य पहली बार मीडिया के सामने आए. इस दौरान उन्होंने अपने अधिवक्ता अमित पुंडीर के साथ मामले से जुड़ी कथित व्हाट्सअप चैट सार्वजनिक की. विनोद आर्य का दावा है कि चैट में कहीं भी उनके बेटे पुलकित आर्य का नाम नहीं है, ना ही किसी वीआईपी का जिक्र किया गया है. विनोद आर्य ने अंकिता के माता-पिता और दोस्त पर उसे (अंकिता) को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है।
4085 पेज की चैट लेकर सामने आए विनोद आर्य
दरअसल, अंकिता भंडारी मर्डर केस के मुख्य दोषी पुलकित आर्य के पिता और पूर्व बीजेपी से दर्जाधारी राज्यमंत्री विनोद आर्य 15 नवंबर को मीडिया के सामने मुखातिब हुए. जिसके तहत उन्होंने अंकिता भंडारी से जुड़ी करीब 4085 पेज की व्हाट्सअप चैट को साझा किया.
माता-पिता और दोस्त पर अंकिता को प्रताड़ित करने का लगाया आरोप
विनोद आर्य का कहना है कि यह चैट बुक उन्हें साल 2023 में कोर्ट से मिली थी. जिसकी हस्तलिखित कॉपी करीब 4085 पेज की है. उन्होंने दावा किया कि उनके पास मौजूद चैट से घटना से जुड़े कई तथ्यों पर नए सवाल खड़े होते हैं. चैट के आधार पर उन्होंने अंकिता के दोस्त पुष्प और उसके माता-पिता की भूमिका पर भी सवाल उठाए. उन्हें मामले के लिए जिम्मेदार ठहराया. उन्होंने कहा कि, पुलकित की अंकिता के साथ कोई चैट नहीं है, फिर भी उसे सजा हुई. चैट में अंकिता को पुलकित आर्य नहीं, बल्कि अन्य लोग प्रताड़ित कर रहे थे. जिसमें उसके माता-पिता और दोस्त शामिल हैं. उन्हें भी जांच में शामिल किया जाए।
अंकिता भंडारी केस में कोई वीआईपी नहीं
विनोद आर्य ने अंकिता भंडारी हत्याकांड की एसआईटी जांच पर सवाल उठाते हुए इसे गलत बताया. साथ ही मामले में किसी भी वीआईपी के शामिल होने से साफ इनकार किया. उन्होंने कहा कि मामले की जांच के दौरान कई महत्वपूर्ण पहलुओं को नजरअंदाज किया गया. इस केस में जिस वीआईपी का नाम बार-बार उठाया जा रहा है, वो कोई वीआईपी है ही नहीं. मैं चैट और अन्य तथ्यों को जांच एजेंसी के सामने रखना चाहता हूं. ताकि, मामले की पूरी सच्चाई सामने आ सके।
जनदबाव और जनभावना में आकर बेटे और उसके साथियों को हुई सजा
विनोद आर्य ने जनदबाव और जनभावनाओं में बहकर एसआईटी पर गलत जांच करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि पुलिस और एसआईटी को चैट के आधार पर जांच करने को कहा था, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई. उन्होंने कहा कि जनभावना और जनदबाव में आकर मेरे बेटे पुलकित और उसके साथियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी. मैंने जो चैट पेश की है, उसमें जो दोषी हैं, उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाए।
बेटे और परिवार को किया जा रहा प्रताड़ित
विनोद आर्य ने मांग की है कि मामले की सीबीआई जांच के दौरान इस चैट को भी जांच का हिस्सा बनाया जाए. ताकि, सामने आए तथ्यों की निष्पक्ष तरीके से पड़ताल हो सके. साथ ही बेटे और परिवार को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि, मैंने कई बार इस मामले में चैट के जरिए पुलिस और एसआईटी को समझाने की कोशिश की, लेकिन कोई भी मेरी बात सुनने को तैयार नहीं है. सजा होने के बाद भी बेटे और मेरे परिवार को बार-बार प्रताड़ित किया जा रहा है. ऐसे में मजबूरन मुझे मीडिया के सामने आना पड़ा
दो बार रिजॉर्ट जलाने के लगाए आरोप
इतना ही नहीं विनोद आर्य ने उनका रिजॉर्ट जलाने और बेटे के साथ पुलिस कस्टडी में मारपीट का भी आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि, पुलिस कस्टडी में पुलकित आर्य और उसके दोस्तों के साथ मारपीट हुई थी, लेकिन कोई मुकदमा दर्ज नहीं हुआ. दो बार रिजॉर्ट को जलाया गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई.
क्या था अंकिता भंडारी मर्डर केस?
गौर हो कि पौड़ी जिले के श्रीकोट डोभ गांव की रहने वाली अंकिता भंडारी (उम्र 19 वर्ष) यमकेश्वर ब्लॉक के गंगा भोगपुर स्थित वनंत्रा रिजॉर्ट में बतौर रिसेप्शनिस्ट की नौकरी करती थी. यह रिजॉर्ट तत्कालीन बीजेपी नेता विनोद आर्य के बेटे पुलकित आर्य का था, लेकिन नौकरी के दौरान 18 सितंबर 2022 को अचानक अंकिता लापता हो गई. इसके बाद पुलकित आर्य ने आनन-फानन में अंकिता के लापता होने की जानकारी उसके परिजनों को दी. बेटी के लापता होने के बाद परिजनों ने राजस्व पुलिस में शिकायत दी, फिर राजस्व पुलिस से केस को रेगुलर पुलिस को ट्रांसफर कर दिया गया. पुलिस की जांच में अंकिता के लापता होने पर संदेह हुआ.
ऐसे में पुलिस ने रिसॉर्ट के मालिक पुलकित आर्य उसके दोस्त अंकित गुप्ता और मैनेजर सौरभ भास्कर से पूछताछ की. पहले तो उन्होंने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन जब पुलिस ने तीनों से सख्ती से पूछताछ की, तो उन्होंने सच उगल दिया. उन्होंने बताया कि 18 सितंबर की रात अंकिता भंडारी को चीला बैराज की नहर में धक्का दिया था, फिर वो वापस आ गए थे.
इसके बाद 24 सितंबर 2022 को चीला बैराज क्षेत्र में नहर से अंकिता भंडारी का शव बरामद किया गया. जैसे ही अंकिता भंडारी की हत्या की बात सामने आई, वैसे ही पूरे प्रदेशभर में बवाल हो गया. गुस्साए लोग सड़कों पर उतर आए और जगह-जगह प्रदर्शन कर नारेबाजी की. इतना ही नहीं मामले को लेकर सीएम आवास कूच लेकर कोने-कोने में धरना प्रदर्शन हुए.
वहीं, मामले में कई महीनों तक जांच हुई. आखिरकार 30 मई 2025 को गवाह और बयानों के आधार पर कोर्ट ने तीनों आरोपी पुलकित आर्य, सौरभ एवं अंकित को दोषी ठहराया और उन्हें उम्र कैद की सजा सुनाई. इसके बाद 9 जुलाई 2026 को सीएम धामी ने मामले में सीबीआई जांच की संस्तुति दी. जिसके बाद मामले में सीबीआई जांच कर रही है.



