
कोटद्वार, 23 नवम्बर, 26. उत्तराखंड में वन्यजीवों का आतंक बढ़ता ही जा रहा है. पौड़ी गढ़वाल जिले के कोटद्वार इलाके में भी आज सोमवार 23 नवंबर को गुलदार ने एक महिला पर हमला किया, जिससे महिला की मौत हो गई. महिला की शिनाख्त कविता कोठियाल के रूप में हुई है. इस घटना से गुस्साएं ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगाया.
घटना सोमवार दोपहर करीब 12 बजे की बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार कविता कोठियाल घास लेने के लिए घर के पास ही जंगल में गई थीं. इसी दौरान घात लगाकर बैठे गुलदार ने कविता कोठियाल पर अचानक से हमला कर दिया. गुलदार के इस हमले में महिला की मौके पर ही मौत हो गई. घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया.
पीसीसीएफ ने जारी किए आदेश
महिला की मौत के बाद प्रमुख वन संरक्षक (वन्यजीव) एवं मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक नीना ग्रेवाल ने सोमवार को ही आदेश जारी कर कोटड़ीढांग, सनेह और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में सक्रिय हमलावर गुलदार को मारने की अनुमति दे दी। आदेश में कहा गया है कि गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरे और ट्रैंकुलाइज करने के प्रयास किए गए लेकिन सफलता नहीं मिली। लगातार हो रही घटनाओं और मानव जीवन पर गंभीर खतरे को देखते हुए अंतिम विकल्प के रूप में गुलदार को मारने की अनुमति दी जा रही है। इसके लिए नरेंद्रनगर (जनपद टिहरी गढ़वाल) के शूटर भीम सिंह को नामित किया गया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि गुलदार को पकड़ने के सभी प्रयास किए जाएंगे। क्षेत्र में कैमरा ट्रैप और सीसीटीवी से निगरानी की जाएगी। जरूरत पड़ने पर ड्रोन से भी निगरानी रखी जाएगी। गुलदार को पकड़ने के प्रयास असफल रहने पर ही अंतिम विकल्प के रूप में उसे मारने की कार्रवाई की जाएगी। यह अनुमति आदेश जारी होने की तिथि से 15 दिन तक प्रभावी रहेगा।
कई जनप्रतिनिधि भी पहुंचे मौके पर
घटना के बाद विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण, मेयर शैलेंद्र सिंह रावत, पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी, भाजपा जिलाध्यक्ष राजगौरव नौटियाल, पूर्व जिलाध्यक्ष बीरेंद्र सिंह रावत और कृषि उत्पादन मंडी समिति के पूर्व अध्यक्ष सुमन कोटनाला समेत कई पूर्व एवं वर्तमान जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना की जानकारी लेने के साथ ही ग्रामीणों से बातचीत की। वहीं, महिला की मौत के बाद पूरे सनेह क्षेत्र में गुलदार की दहशत बनी हुई है।
वहीं, घटनास्थल पर इस दौरान राजनीतिक माहौल भी गरमा गया. कांग्रेस और बीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच तीखी बहस देखने को मिली. बीजेपी कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पर महिला की मौत की आड़ में राजनीति करने का आरोप लगाया, जबकि कांग्रेस नेताओं ने सरकार पर ग्रामीणों को गुलदार के आतंक से सुरक्षा देने में नाकाम रहने का आरोप लगाया.



