वैभव सूर्यवंशी के आगे सारे रिकार्ड्स चकनाचूर, मात्र 52 गेंदों में ठोक दिया दोहरा शतक

नई दिल्ली, 24 नवम्बर, 26. राइजिंग स्टार एशिया कप 2026 में यूएई के खिलाफ 250 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ए के युवा विस्फोटक बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने क्रिकेट इतिहास की सबसे अविश्वसनीय और विनाशकारी पारी खेल डाली है। अपने तूफानी शतक के बाद भी वैभव के बल्ले की आग शांत नहीं हुई और उन्होंने महज 52 गेंदों में अपना ऐतिहासिक दोहरा शतक ठोक दिया। इस करिश्माई दोहरे शतक के दौरान वैभव ने यूएई के गेंदबाजों की बखिया उधेड़ते हुए 28 गगनचुंबी छक्के और 7 चौके जड़े यानी 200 में से 196 रन तो केवल चौकों और छक्कों की बारिश से ही बटोर लिए।
वैभव सूर्यवंशी ने तोड़ा वर्ल्ड रिकॉर्ड
महज 52 गेंदों में दोहरा शतक पूरा करके वैभव सूर्यवंशी ने 50 ओवर के क्रिकेट (वनडे और लिस्ट-ए) में सबसे तेज डबल सेंचुरी के सभी पुराने विश्व रिकॉर्ड्स को ध्वस्त कर दिया है। अगर पुरुष वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट के इतिहास पर नजर डालें, तो वहां सबसे तेज दोहरे शतक का रिकॉर्ड इंग्लैंड के हैरी ब्रूक के नाम है, जिन्होंने 22 अक्टूबर 2026 को रावलपिंडी में श्रीलंका के खिलाफ 114 गेंदों में दोहरा शतक जड़ा था। वहीं भारत के शुभमन गिल ने 117 गेंदों (गुवाहाटी, 30 सितंबर 2026), ईशान किशन ने 126 गेंदों (चटोग्राम, 2022) और क्रिस गेल ने 138 गेंदों (कैनबरा, 2015) में दोहरा शतक बनाया था, लेकिन वैभव ने इन सभी दिग्गजों के आंकड़ों को आधे से भी कम गेंदों में पीछे छोड़ दिया है।
कई रिकॉर्ड वैभव ने कर लिए काम
इस मैराथन और आतिशी पारी के दौरान वैभव सूर्यवंशी ने हर पड़ाव पर एक नया विश्व रिकॉर्ड कायम किया। उन्होंने सबसे पहले महज 28 गेंदों में अपना सैकड़ा पूरा किया और लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए। इस मामले में उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के जेक फ्रेजर-मैकगर्क (29 गेंद, 2023), एबी डिविलियर्स (31 गेंद, 2015), साकिबुल गनी (32 गेंद, 2025) और ईशान किशन (33 गेंद, 2025) जैसे धुरंधर बल्लेबाजों को पीछे छोड़ दिया।
150 रन का रिकॉर्ड भी तोड़ा
शतक पूरा करने के बाद वैभव की रफ्तार और भी खतरनाक हो गई और उन्होंने अगली मात्र 12 गेंदों में अपने 150 रन भी पूरे कर लिए। महज 40 गेंदों में 150 रनों के आंकड़े तक पहुंचकर वैभव ने लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज 150 रन बनाने का अपना ही पिछला विश्व रिकॉर्ड तोड़ दिया। इससे पहले साल 2025 में रांची में बिहार की ओर से अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ खेलते हुए वैभव ने 59 गेंदों में 150 रन बनाए थे, जबकि उनके बाद एबी डिविलियर्स (64 गेंद, 2015) और जोस बटलर (65 गेंद, 2022) का नाम आता है।
28 छक्के उड़ाए वैभव ने
एक ही पारी में 28 गेंदों में शतक, 40 गेंदों में 150 रन और फिर 52 गेंदों में 28 छक्कों की मदद से दोहरा शतक जड़कर वैभव सूर्यवंशी ने विश्व क्रिकेट को स्तब्ध कर दिया है। यूएई के खिलाफ खेली गई यह विस्फोटक पारी न केवल भारत ए के लिए यादगार जीत का आधार बनी, बल्कि रिकॉर्ड बुक्स में एक ऐसा अध्याय लिख गई जिसे तोड़ना किसी भी बल्लेबाज के लिए नामुमकिन सा होगा।



