उत्तराखंडदेश-विदेशबड़ी खबरयूथ कार्नरशिक्षासामाजिक

‘शक्ति भी हमारी, पृथ्वी भी हमारी’ डिग्री कालेज बिथ्याणी के छात्रों ने लिया धरती को संवारने का संकल्प

​बिथ्याणी/यमकेश्वर, 22 अप्रैल। महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय, बिथ्याणी में 22 अप्रैल को ‘पृथ्वी दिवस’ अत्यंत उत्साह और पर्यावरण के प्रति जागरूकता के साथ मनाया गया। वनस्पति विज्ञान विभाग के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति संवेदनशील बनाना और प्रकृति के प्रति उनकी जिम्मेदारियों का अहसास कराना था। पृथ्वी दिवस की शुरुआत अमेरिकी सीनेटर गेलार्ड नेल्सन ने 22 अप्रैल 1970 को की थी, ताकि लोगों का ध्यान पर्यावरण की समस्याओं की ओर खींचा जा सके।

​पोस्टर प्रतियोगिता के जरिए दिखी कलात्मक समझ


कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण हमारी शक्ति, हमारा ग्रह (Our Power, Our Planet) थीम पर आधारित पोस्टर प्रतियोगिता रही। महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए जल संरक्षण, वृक्षारोपण, प्लास्टिक मुक्त जीवन, जैव विविधता के संरक्षण और जलवायु परिवर्तन जैसी गंभीर वैश्विक चुनौतियों को पोस्टरों के माध्यम से जीवंत किया। विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए चित्रों ने न केवल पर्यावरण के बिगड़ते संतुलन की चिंताजनक तस्वीर पेश की, बल्कि समाधान के रूप में जागरूकता का प्रभावी संदेश भी दिया।

​वंशिका और स्वर्णिमा ने लहराया परचम
प्रतियोगिता में 15 विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। निर्णायक मंडल ने विद्यार्थियों की कल्पनाशीलता, संदेश की स्पष्टता और प्रस्तुति कौशल का सूक्ष्म अवलोकन किया। प्रतियोगिता में बी.एस.सी. द्वितीय सेमेस्टर की छात्रा कु. वंशिका ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि कु. स्वर्णिमा ने द्वितीय स्थान हासिल कर महाविद्यालय का मान बढ़ाया। महाविद्यालय प्रशासन की ओर से विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।

​पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति संकल्प लिया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) योगेश कुमार शर्मा ने पर्यावरण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को सतत विकास की दिशा में कार्य करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का कुशल संचालन वनस्पति विभाग की प्राध्यापिका डॉ. हिमानी बडोनी द्वारा किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button