उत्तरप्रदेशउत्तराखंडदेश-विदेशबड़ी खबर

प्रतीक यादव की अस्थियां गंगा में विसर्जित, आखिरी विदाई संदेश में बेटी ने लिखा ‘आई लव यू पापा’

Listen to this article

हरिद्वार, 16 मई। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के दिवंगत बेटे प्रतीक यादव की अस्थियां हरिद्वार लाई गईं. वीआईपी घाट पर पूरे विधि विधान के साथ उनकी अस्थियों को गंगा में विसर्जित किया गया. प्रतीक यादव की पत्नी अपर्णा यादव, दोनों बेटियां, योगगुरु स्वामी रामदेव, पूर्व सांसद तेज प्रताप यादव, सांसद आदित्य यादव समेत कई सपा नेता अस्थि विसर्जन कर्म में मौजूद रहे. यादव परिवार के तीर्थ पुरोहित पंडित शैलेश मोहन ने अस्थि कर्म संपन्न कराया. इस दौरान अपर्णा यादव भावुक नजर आईं.

आखिरी विदाई देने आई मासूम बेटी ने एक कार्ड में लिखा था ‘आई लव यू पापा’
पिता प्रतीक यादव को आखिरी विदाई देने आई मासूम बेटी ने हाथ में एक कार्ड पकड़ रखा था। जिस पर लिखा था ‘आई लव यू पापा’ और एक छोटा-सा दिल बना था। जैसे ही उसने कार्ड गंगा की धारा में बहाया, वहां मौजूद हर किसी की आंखें भर आईं। मां अपर्णा ने बेटी को अपनी तरफ बुलाया और सीने से लगा दिया। मासूम बेटी का अपने पिता के लिए यह अंतिम संदेश वहां मौजूद लोगों को भावुक कर गया।

 

प्रतीक यादव की पत्नी अपर्णा यादव 16 मई दोपहर लखनऊ से फ्लाइट से देहरादून जौलीग्रांट पहुंचीं और हरिद्वार के लिए रवाना हुईं. गौर है कि 13 मई को समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के छोटे भाई और भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का 38 साल की उम्र में निधन हो गया था. तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल ले जाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था.

गौरतलब है कि मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद यादव परिवार में यह दूसरी बड़ी दुखद घटना हुई है. अनेक बड़े नेताओं ने प्रतीक यादव के निधन पर दुख जताया. प्रतीक यादव यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री और देश के रक्षा मंत्री रहे दिवंगत मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे थे. प्रतीक की मां साधना गुप्ता थीं. साधना गुप्ता नर्स थीं. प्रतीक यादव की शादी उत्तराखंड मूल की अपर्णा बिष्ट से हुई थी. अपर्णा यादव बिष्ट बीजेपी की नेता हैं. अपर्णा वर्तमान में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं. प्रतीक राजनीति में सक्रिय नहीं थे और अपना व्यवसाय करते थे. उन्हें बॉडी बिल्डिंग का शौक था.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button