IPL प्लेऑफ के 3 टिकट पक्के, अब चौथे के लिए पंजाब, CSK, GT, RR, KKR और दिल्ली के बीच गुत्थमगुत्था

स्पोर्ट्स डेस्क। आईपीएल 2026 के 63वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने चेन्नई सुपर किंग्स को 5 विकेट से हराकर प्लेऑफ का टिकट हासिल कर लिया है। हैदराबाद की इस जीत ने न सिर्फ उनका रास्ता साफ किया बल्कि नेट रन रेट के समीकरण के चलते गुजरात टाइटंस को भी आधिकारिक तौर पर टॉप 4 में पहुंचा दिया। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु 18 अंकों के साथ पहले ही क्वालीफाई कर चुकी है।
पंजाब की टीम कैसे करेगी क्वालीफाई
अब प्लेऑफ की शुरुआती तीन सीटें फुल हो चुकी हैं और अंतिम पायदान के लिए जंग बेहद रोमांचक हो गई है। अंक तालिका पर नजर डालें तो चौथे स्थान पर फिलहाल पंजाब किंग्स 13 मैचों में 13 अंकों के साथ बैठी है। पंजाब का नेट रन रेट (+0.227) काफी बेहतर है लेकिन उनका सिर्फ एक मैच बाकी है। अगर पंजाब अपना आखिरी मैच जीत जाती है तो वह 15 अंकों पर पहुंच जाएगी। लेकिन अगर वे हारते हैं तो उनकी उम्मीदें पूरी तरह दूसरी टीमों के नतीजों और नेट रन रेट पर टिकी रहेंगी।
राजस्थान के पास मौका
इस रेस में राजस्थान रॉयल्स सबसे मजबूत स्थिति में दिख रही है। राजस्थान के पास अभी 2 मैच बचे हैं और उनके खाते में 12 अंक हैं। RR टीम को प्लेऑफ में सीधे एंट्री के लिए अपने बचे हुए दोनों मैच जीतने होंगे जिससे वे 16 अंकों तक पहुंच सकते हैं। अगर राजस्थान एक मैच जीतती है और एक हारती है तो मामला 14 अंकों पर फंसेगा और तब नेट रन रेट (+0.027) अहम भूमिका निभाएगा।
सीएसके-दिल्ली के लिए मुश्किल कहानी
दूसरी ओर, चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स की राहें अब बेहद कठिन हो गई हैं। दोनों टीमों के 13 मैचों में 12-12 अंक हैं और दोनों के पास केवल एक-एक मुकाबला बचा है। सीएसके का नेट रन रेट (-0.016) दिल्ली (-0.871) से बेहतर है। चौथे स्थान पर पहुंचने के लिए चेन्नई और दिल्ली दोनों को न सिर्फ अपना आखिरी मैच बड़े अंतर से जीतना होगा बल्कि यह दुआ भी करनी होगी कि पंजाब और राजस्थान अपने आगामी मैच बड़े अंतर से हार जाएं।
केकेआर के पास भी एक मौका
कोलकाता नाइट राइडर्स भी 12 मैचों में 11 अंकों के साथ तकनीकी रूप से इस रेस में बनी हुई है। केकेआर को अपने बचे हुए दोनों मैच जीतने होंगे ताकि वे 15 अंकों तक पहुंच सकें लेकिन उनका माइनस में चल रहा नेट रन रेट (-0.038) उनके लिए सबसे बड़ा रोड़ा बना हुआ है। वहीं, मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जाइंट्स 8-8 अंकों के साथ इस रेस से पूरी तरह बाहर हो चुकी हैं।



