खेलदेश-विदेशमनोरंजनयूथ कार्नर

नजरें सूर्यवंशी के वैभव पर थीं पर दगा दे गया खिलाड़ी, ऋतुराज का शतक, तिलक की धीमी बैटिंग, फिर भी जीत गया भारत

Listen to this article

स्पोर्ट्स डेस्क। भारत A ने दांबुला में श्रीलंका A को 8 रन से हराकर त्रिकोणीय सीरीज में विजयी शुरुआत की, लेकिन यह जीत पूरी तरह संतोषजनक नहीं रही. वैभव सूर्यवंशी सिर्फ 14 रन बना सके, कप्तान तिलक वर्मा ने 97 गेंदों पर धीमे 60 रन बनाए और टीम 290+ के बजाय 277 तक ही पहुंची. अंत में अरशद खान और अंशुल कंबोज ने मैच बचाया.

स्कोरबोर्ड कहता है कि मंगलवार (9 जून) को भारत A ने श्रीलंका A को 8 रन से हरा दिया. लेकिन अगर पूरे मैच को करीब से देखा जाए तो यह जीत जितनी रोमांचक थी, उतनी ही कई सवाल भी छोड़ गई. ऋतुराज गायकवाड़ के शानदार शतक और डेथ ओवरों में अरशद खान-अंशुल कंबोज की बेहतरीन गेंदबाजी के बावजूद भारतीय टीम का प्रदर्शन पूरी तरह संतोषजनक नहीं कहा जा सकता.

वैभव सूर्यवंशी हुए फ्लाप
सबसे ज्यादा नजरें 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी पर थीं. भारत A के लिए लिस्ट-A क्रिकेट में पहला मैच खेल रहे युवा बल्लेबाज ने शुरुआत तो अच्छी की. उन्होंने तीन चौके भी लगाए और आत्मविश्वास से भरे नजर आए. लेकिन जल्दबाजी में खेला गया एक शॉट उनकी पारी का अंत बन गया. मोहम्मद शिराज की गेंद पर मिड-ऑफ के ऊपर से खेलने की कोशिश में वह कप्तान सहान अराचिगे को कैच दे बैठे. 14 रन की यह पारी उस खिलाड़ी से जुड़ी उम्मीदों के मुकाबले काफी छोटी रही, जिस पर पूरे मैच से पहले चर्चा हो रही थी.

भारत की शुरुआत भी बेहद खराब रही. टीम ने पांच ओवर के भीतर सिर्फ 16 रन पर वैभव सूर्यवंशी और प्रभसिमरन सिंह के विकेट गंवा दिए. इसके बाद प्रियांश आर्य ने 32 रन बनाए, लेकिन ऋतुराज गायकवाड़ के साथ गलतफहमी में रनआउट होकर लौट गए. 69 रन पर तीन विकेट गिरने के बाद भारत दबाव में था.

ऋतुराज ने तिलक के साथ पारी को संभाला
यहीं से ऋतुराज गायकवाड़ ने अपनी क्लास दिखाई. उन्होंने कप्तान तिलक वर्मा के साथ चौथे विकेट के लिए 150 रन जोड़कर पारी को संभाला. गायकवाड़ ने 112 गेंदों में 101 रन बनाए और अपने लिस्ट-A करियर का 21वां शतक जड़ा. मुश्किल परिस्थितियों, तेज हवाओं और गेंदबाजों को मदद देने वाली पिच पर यह पारी मैच का सबसे बड़ा अंतर साबित हुई. हालांकि इस साझेदारी का दूसरा पहलू भी था. तिलक वर्मा ने 97 गेंदों पर 60 रन बनाए. आंकड़ों में यह पारी अच्छी दिखती है, लेकिन मैच की स्थिति को देखते हुए यह काफी धीमी रही. जब गायकवाड़ रनगति बढ़ाने की कोशिश कर रहे थे, तब तिलक का ज्यादा ध्यान स्ट्राइक रोटेट करने पर था. उन्होंने अपना अर्धशतक 86 गेंदों में पूरा किया.

ऋतुराज गायकवाड़ रहे मैन आफ द मैच
दरअसल एक समय भारत 290 या उससे अधिक स्कोर की तरफ बढ़ता दिख रहा था. खुद प्लेयर ऑफ द मैच ऋतुराज गायकवाड़ ने भी मैच के बाद कहा कि टीम 290 से ऊपर के स्कोर की सोच रही थी, लेकिन श्रीलंकाई गेंदबाजों ने वापसी करते हुए भारत को रोक दिया. ऐसे में तिलक की धीमी बल्लेबाजी पर सवाल उठना लाजिमी है. अगर मध्य ओवरों में रनगति थोड़ी बेहतर रहती तो भारत कहीं अधिक सुरक्षित स्कोर तक पहुंच सकता था. भारत के लिए राहत की बात यह रही कि आयुष बदोनी और सूर्यांश शेडगे ने आखिर में तेजी दिखाई. बदोनी ने 18 गेंदों पर 24 और शेडगे ने 14 गेंदों पर नाबाद 26 रन बनाकर टीम को 277/6 तक पहुंचाया.

श्रीलंका ए को अनुभवी निरोशन डिकवेला और अविष्का फर्नांडो ने ठोस शुरुआत दिलाई। पहले विकेट के लिए दोनों ने 99 गेंदों पर 93 रन जोड़े। आयुष बडोनी ने दोनों ही बल्लेबाज को आउट किया। डिकवेला ने 47 और अविष्का ने 45 रन बनाए। तीसरे नंबर पर उतरे नुवानिदु फर्नांडो 8 रन ही बना सके। 16 रनों के अंतर 3 विकेट गिरने के बाद सदीरा समरविक्रमा और कप्तान सहान अराच्चिगे ने पारी को संभाला। दोनों के बीच 78 रनों की साझेदारी हुई। 34वें ओवर में श्रीलंका ए की टीम 187 रनों तक पहुंच गई थी।

श्रीलंका को जीत के लिए चाहिए थे 10 गेंदों में 9 रन और फिर…
एक समय श्रीलंका को अंतिम 10 गेंदों में सिर्फ 9 रन चाहिए थे और उसके पास तीन विकेट बचे थे. यहीं से मैच पलटा. अंशुल कंबोज ने सटीक यॉर्कर पर सहान को बोल्ड कर दिया. इसके बाद दबाव में श्रीलंका ने लगातार गलतियां कीं. वानुजा सहान रनआउट हुए और अंतिम ओवर में अरशद खान ने तीन विकेट झटककर भारत को अविश्वसनीय जीत दिला दी.

इंडिया ए अगला मैच गुरुवार 11 जून
ट्राई नेशन ए सीरीज में अफगानिस्तान ए तीसरी टीम है। इंडिया ए को अपना अगला मुकाबला अफगानिस्तान ए से ही खेलना है। गुरुवार 11 जून को दोनों टीमों की टक्कर होगी। यह मुकाबला भारतीय समय अनुसार सुबह 10 बजे शुरू होगा। इस सीरीज में तीनों टीमों एक दूसरे के खिलाफ दो-दो मैच खेलेंगी। टॉप-2 पर रहने वाली टीमों के बीच 21 जून को खिताबी मुकाबला खेला जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button