
मसूरी, 10 जून। देहरादून जिले के मसूरी में भीषण सड़क हादसा हुआ है. यहां एक कार मारुति सिलेरियो (नंबर DL 5 CS 4610) अनियंत्रित होकर दुर्गम 500 मीटर गहरी खाई में गिर गई है. कार में सवार सभी चार लोगों (दो महिला और दो पुरुष) की मौके पर ही मौत हो गई है. खाई बहुत दुर्गम है, इस कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में दिक्कत आ रही है.
उत्तरकाशी से आ रहे थे कार सवार
मसूरी-कोलूखेत झड़ीपानी शॉर्टकट मार्ग पर एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी. जानकारी के अनुसार कार में चार लोग सवार थे. हादसे की सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस, एसडीआरएफ और 108 एंबुलेंस की टीम मौके के लिए रवाना हो गई. बताया जा रहा है कि वाहन सैकड़ों फीट गहरी खाई में गिरा है. घनी झाड़ियां और दुर्गम भू-भाग होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. बताया जा रहा है कि कार सवार उत्तरकाशी से आ रहे थे.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. हालांकि खाई की गहराई अधिक होने और रास्ता बेहद कठिन होने के कारण अभी तक वाहन तक पहुंचना भी चुनौती बना हुआ था. एसडीआरएफ की टीम ने रस्सियों और विशेष उपकरणों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया.
मुख्यमंत्री धामी ने जताया शोक
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस हादसे प गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि मसूरी-देहरादून मार्ग पर झड़ीपानी के समीप वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने से पर्यटकों के हताहत होने का समाचार अत्यंत दुखद है। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं।
पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी औपचारिकताओं के लिए भेज दिया है और वाहन की तकनीकी जांच भी कराई जा रही है।
दुर्घटना का कारण कार का ब्रेक फेल होना बताया जा रहा
मौके पर SDRF/Fire टीम के साथ बचाव कार्य तेजी से चल रहा है. अभी तक एक महिला का शव खाई से निकाल लिया गया है. प्रथम दृष्टया तेज ढलान पर कार के ब्रेक फेल हो जाने के कारण कार का अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में गिरना स्पष्ट हुआ है. मौके पर थाना मसूरी पुलिस और क्षेत्राधिकारी मसूरी व पुलिस अधीक्षक नगर देहरादून भी मौजूद हैं. घटना के संबंध में परिजनों को सूचित कर दिया गया है जो घर से रवाना हो गए हैं.
पुलिस को सुबह मिली सूचना
मसूरी पुलिस ने बताया कि 112 कंट्रोल रूम के माध्यम से प्रातः समय 09:16 बजे थाना मसूरी पर सूचना प्राप्त हुई कि झड़ीपानी रोड चौकी बार्लोगंज मसूरी क्षेत्र में तीव्र ढलान में एक छोटी कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई है. सूचना पर कोतवाली मसूरी से पुलिस टीम तत्काल मौके पर रवाना हुई और घटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल SDRF/फायर सर्विस तथा 108 एम्बुलेंस को सूचित किया गया जो मौके पर पहुंचे.
स्थानीय लोगों से पूछताछ करने पर ज्ञात हुआ एक मारुति सिलेरियो सफेद रंग DL5CS 4610 की कार रोड की ढलान पर संभवतः ब्रेक फेल होने की वजह से तेजी से अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी. उससे पूर्व उनके द्वारा नजदीक की दुकान पर कुछ सामान खरीदा गया था. बातचीत में कार सवारों द्वारा उत्तरकाशी से आना बताया था.
कार सवार लोगों के नाम
सामान लेकर जैसे ही कार में बैठे तो कार ढलान की तरफ सड़क पर तेजी से जाने लगी और फिर खाली प्लाट से होते हुए गहरी खाई में गिर गई. जानकारी करने पर कार में
- सत्य प्रकाश निवासी सोनीपत, हरियाणा
- मनीत उम्र 19 वर्ष निवासी सोनीपत, हरियाणा
- सविता उम्र 48 वर्ष पत्नी धर्मवीर निवासी 322 A नेहरू नगर गाज़ियाबाद, यूपी
- संगीता उम्र 46 वर्ष पत्नी टीटू निवासी करोलबाग दिल्ली



