NEET PG परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू, 30 अगस्त को होगी परीक्षा, NBEMS ने जारी किया पूरा शेड्यूल

नई दिल्ली, 1 जुलाई, 26 एमबीबीएस के बाद जो डॉक्टर्स और स्टूडेंट्स आगे पोस्ट ग्रेजुएशन मेडिकल कोर्स में एडमिशन लेना चाहते हैं, उनके लिए बड़ा अपडेट है। नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन इन मेडिकल साइंसेज (NBEMS) ने नीट पीजी 2026 के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन 1 जुलाई से शुरू कर दिए हैं। इसके साथ एनबीईएमएस की तरफ से इस परीक्षा से जुड़ी गाइडलाइंस और पूरा शेड्यूल भी जारी किया गया है, जिसमें आवेदन से लेकर परीक्षा तिथि, एग्जाम सिटी, एडमिट कार्ड की जानकारी दी गई है।
आयुर्विज्ञान राष्ट्रीय परीक्षा बोर्ड की ऑफिशियल वेबसाइट nbe.edu.in पर जारी हुए नीट पीजी 2026 इंफॉर्मेशन बुलेटिन के मुताबिक एमडी (MD/MS/PG) डिप्लोमा कोर्सेज, पोस्ट एमबीबीएस डीएनबी कोर्सेस, 6 वर्षीय डीआरएनबी कोर्सेस, एनबीईएमएस डिप्लोमा कोर्सेस में एडमिशन के लिए नीट पीजी परीक्षा का आयोजन 30 अगस्त 2026 को किया जाएगा। वहीं एग्जाम में भाग लेने के लिए अभ्यर्थियों द्वारा लास्ट डेट 21 जुलाई तक आवेदन किया जा सकता है।
इस बार पहले आओ पहले पाओ का नियम खत्म
इस साल NBEMS ने परीक्षा शहर आवंटन की प्रक्रिया में बड़ा बदलाव किया है। अब जल्दी फार्म भरने से पसंदीदा शहरम िलने का कोई अतिरिक्त फायदा नहीं मिलेगा। उम्मीदवारों को फार्म भरते समय 3 पसंदीदा राज्यों का चयन करना होगा। पहला राज्य फार्म में दिये गये पत्राचार के पते का होना चाहिए। दूसरा व तीसरा राज्य पड़ोसी राज्य होने चाहिए। ध्यान रहे कि इस बार फार्म जमा होने के बाद पत्राचार का पता और राज्यों की प्राथमिकता को बदला नहीं जा सकेगा।
NEET PG Important Dates 2026: नोट कर लें
परीक्षा-राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा- पीजी (NEET PG 2026)
ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू-1 जुलाई 2026 शाम 5 बजे से
अप्लाई करने की लास्ट डेट-21 जुलाई 2026 रात 11.55 बजे तक
करेक्शन विंडो-25 जुलाई से 28 जुलाई 2026
नीट पीजी एग्जाम सिटी-11 अगस्त 2026
एडमिट कार्ड कब आएंगे-27 अगस्त 2026
परीक्षा तिथि-30 अगस्त 2026
रिजल्ट कब आएगा-30 सितंबर 2026 तक
नीट पीजी के लिए इंटर्नशिप पूरी करने की लास्ट डेट-30 सितंबर 2026
अप्लाई करने का लिंक-https://cdn3.digialm.com/EForms/configuredHtml/1815/94357/Registration.html
NEET PG में कौन अप्लाई कर सकता है?
नीट पीजी 2026 परीक्षा में अप्लाई करने के लिए उम्मीदवारों ने भारत से एबीबीएस (MBBS) की पढ़ाई पूरी की हो और राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (NMC)/पूर्ववर्ती भारतीय आयुर्विज्ञान परिषद (MCI) या राज्य चिकित्सा परिषद द्वारा जारी एमबीबीएस योग्यता या प्रोविजनल या परमानेंट रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट होना चाहिए। इसके अलावा अभ्यर्थी ने एक साल की इंटर्नशिप पूरी कर ली हो या 30 सितंबर 2026 की डेट या इससे पहले इंटर्नशिप पूरी होनी जाए। अगर इस तारीख के बाद इंटर्नशिप समाप्त होती है तो कैंडिडेट्स नीट-पीजी कोर्सेस में एडमिशन के लिए पात्र नहीं माना जाएगा।
विदेश से मेडिकल ग्रेजुएट करने वाले भारतीय स्टूडेंट्स या विदेशी नागरिक जिन्होंने बाहर के मेडिकल कॉलेजों से प्राइमरी मेडिकल क्वालिफिकेशन हासिल की है, उन्हें NBEMS द्वारा आयोजित फॉरेन मेडिकल ग्रेजुएट परीक्षा क्वालिफाई करना जरूरी होगा। इसके साथ अभ्यर्थियों ने एनएमसी/तत्कालीन मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया या स्टेट मेडिकल काउसिंल ऑफ इंडिया से 30 सितंबर से पहले इंटर्नशिप भी पूरी की हो। तभी वे नीट पीजी के लिए अप्लाई कर सकेंगे। हालांकि इन अभ्यर्थियों को आवेदन से पहले गृह मंत्रालय से पहले मंजूरी भी लेनी होगी।
नीट पीजी के लिए आवेदन शुल्क
सामान्य/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस अभ्यर्थियों को 3500/- और एससी/एसटी/पीडब्ल्यूबीडी अभ्यर्थियों को 2500 परीक्षा शुल्क देना होगा। एक बार आवेदन पत्र जमा किए जाने के बाद एप्लिकेशन फॉर्म और आवेदन शुल्क किसी भी स्थिति में वापस नहीं किया जाएगा फॉर्म फीस का भुगतान ऑनलाइन क्रेडिट कार्ड/डेबिट कार्ड या अन्य दूसरे तरीकों से किया जा सकता है।



