शक्तिशैल कपरवाण यमकेश्वर विधानसभा जनसंपर्क पर, 22 को जाखणीखाल तहसील में देंगे धरना

यमकेश्वर, 19 जुलाई, 26. उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) के संरक्षक डॉ. शक्तिशैल कपरवाण ने पार्टी की नीतियों और जनहित के मुद्दों को आम जनता तक पहुंचाने के उद्देश्य से जनसंपर्क अभियान के तहत रविवार को यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र के ठंठोली, कठूड़बड़ा, धारी एवं ढौंर गांवों का भ्रमण किया।
ग्रामीणों की समस्यायें सुनकर विस्तार से की चर्चा
इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा विभिन्न स्थानीय मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं उनके समक्ष रखीं।
UKD जनता के हितों की लड़ाई लड़ता रहेगा
डॉ. कपरवाण ने कहा कि उत्तराखंड क्रांति दल जनता के हितों की लड़ाई लगातार लड़ता रहेगा और क्षेत्र की समस्याओं को सरकार के समक्ष मजबूती से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनसंपर्क अभियान का उद्देश्य गांव-गांव पहुंचकर लोगों की वास्तविक समस्याओं को समझना और उनके समाधान के लिए प्रभावी पहल करना है।
बुधवार 22 जुलाई को जाखणीखाल तहसील में धरना-प्रदर्शन
उन्होंने बताया कि क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर बुधवार, 22 जुलाई को प्रातः 10 बजे जाखणीखाल तहसील (देवीखाल) कार्यालय परिसर में धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। इसके बाद उपजिलाधिकारी/तहसीलदार के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
शनिवार को कई गांवों में किया था जनसंपर्क
उत्तराखंड क्रांति दल के वरिष्ठ नेता एवं राज्य आंदोलनकारी डॉ. शक्तिशैल कपरवाण ने शनिवार को यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र की ठंठोली न्याय पंचायत के बाड़ियूं, रणेथ और ठंठोली गांवों का भ्रमण कर ग्रामीणों से जनसंपर्क किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और क्षेत्र की विभिन्न जनसुविधाओं का जायजा लिया। इस अवसर पर डॉ. शक्तिशैल कपरवाण ने आरोप लगाया कि सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण पर्वतीय क्षेत्रों से पलायन बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी, स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी, शिक्षा के गिरते स्तर और मूलभूत सुविधाओं के अभाव से ग्रामीणों को कठिन परिस्थितियों में जीवन यापन करना पड़ रहा है।
डॉ. कपरवाण ने क्षेत्र की जनता से अपील करते हुए कहा कि जनहित के इस आंदोलन को सफल बनाने के लिए अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर अपनी आवाज को मजबूत करें।



