उत्तराखंडदेश-विदेशपर्यटनबड़ी खबरमनोरंजनयूथ कार्नरशिक्षासामाजिक

2036 ओलंपिक की मेजबानी के संकल्प के साथ रेखा आर्या की हरिद्वार में कांवड़ यात्रा

हरिद्वार, 10 अगस्त, 26. उत्तराखंड की खेल मंत्री रेखा आर्या ने आज सोमवार 10 अगस्त को हर की पैड़ी से पैदल कांवड़ यात्रा की शुरुआत की. उनके साथ अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज और महामंत्री श्रीमहंत हरि गिरि महाराज समेत कई साधु संत मौजूद रहे. उनकी यह यात्रा धार्मिक आस्था के साथ-साथ देश के खेल भविष्य और राष्ट्रीय संकल्पों को समर्पित है।

गंगा को नमन कर विधि-विधान से किया गंगा पूजन
सबसे पहले मंत्री रेखा आर्या ने सोमवार को हरकी पैड़ी पर मां गंगा को नमन किया. विधि विधान के साथ गंगा पूजन किया और गंगाजल लेकर जयघोष के साथ हर की पैड़ी से पैदल रवाना हुईं. कांवड़ यात्रा में कई खेल प्रेमी भी मौजूद रहे. भोले के भक्ति गीतों पर कांवड़ यात्रा सुबह सवेरे हरकी पैड़ी से प्रस्थान कर गई. यह यात्रा 22 से 26 किमी दूरी तय कर ऋषिकेश स्थित ऐतिहासिक वीरभद्र महादेव मंदिर तक पहुंचेगी।

उत्तराखंड की खेल मंत्री रेखा आर्या की कांवड़ यात्रा

यात्रा से पहले खेल मंत्री रेखा आर्या ने अपने पति के साथ हरिद्वार पहुंचकर मां गंगा का पूजन अर्चन किया और देश प्रदेश की सुख समृद्धि की कामना की. इसके बाद उन्होंने अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्र पुरी महाराज तथा निरंजनी अखाड़े के सचिव रामरतन गिरि से भेंट कर कांवड़ यात्रा में शामिल होने का निमंत्रण दिया था.

भारत को 2036 में ओलंपिक की मेजबानी मिले ये है प्रार्थना
रेखा आर्या हरकी पैड़ी से गंगाजल लेकर लगभग 26 किलोमीटर की पैदल यात्रा पर निकली हैं. वो ऋषिकेश के वीरभद्र मंदिर में भगवान शिव का रुद्राभिषेक करेंगी. उनके दो महत्वपूर्ण संकल्प हैं… पहला संकल्प- वर्ष 2036 के ओलंपिक खेलों की मेजबानी भारत को मिले और उसका सफल आयोजन हो. दूसरा संकल्प- भारत को खेलों के क्षेत्र में विश्व की खेल महाशक्ति के रूप में स्थापित करने का है. रेखा आर्या ने कहा कि भगवान भोलेनाथ के आशीर्वाद से उनके दोनों संकल्प अवश्य पूरे होंगे.

खेल मंत्री की शिव भक्ति की संतों ने की सराहना
साधु संतों ने मंत्री रेखा आर्या के संकल्प और भगवान शिव के प्रति गहरी आस्था की सराहना की. अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने कहा कि खेलों के माध्यम से देश का गौरव बढ़ाना भी राष्ट्रसेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है. अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत गरि महाराज और निरंजनी अखाड़े के सचिव रामरतन गिरि महाराज समेत कई साधु संतों ने उन्हें आशीर्वाद दिया और सम्मानित किया। उनकी इस कांवड़ यात्रा में बड़ी संख्या में खेल प्रेमी भी शामिल रहे।

रेखा आर्या ने पिछले साल भी कांवड़ यात्रा की थी
रेखा आर्या ने एक साल पहले भी पैदल कांवड़ यात्रा की थी. उन्होंने हरकी पैड़ी से गंगाजल भरकर पैदल ही 26 किलोमीटर की दूरी तय करके वीरभद्र में भगवान शिव का जलाभिषेक किया था.

Related Articles

Back to top button