उत्तराखंडदेश-विदेशमनोरंजनयूथ कार्नरशिक्षा

पहली बार दिखा king of bird ‘गोल्डक्रेस्ट’, सिर पर सुनहरी मुकुट जैसी कलगी है खास पहचान

पिथौरागढ़, 9 नवम्बर, 26. हिमालय की ऊंची वादियों में प्रकृति का एक और अनूठा नजारा सामने आया है। सीमांत जिले की दारमा घाटी में नागलिंग ग्लेशियर के समीप समुद्र तल से करीब 3200 मीटर की ऊंचाई पर दुनिया के सबसे छोटे पक्षियों में शामिल गोल्डक्रेस्ट देखा गया है।

महज 4.5 से 7 ग्राम वजन वाले इस नन्हे पक्षी की मौजूदगी ने पक्षी प्रेमियों और प्रकृति के जानकारों में उत्साह बढ़ा दिया है। यूरोप की वादियों में अपनी पहचान रखने वाले इस पक्षी का उच्च हिमालय में अवलोकन क्षेत्र की समृद्ध जैव विविधता के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
गोल्डक्रेस्ट की लंबाई महज 8.5 से 10 सेंटीमीटर होती है। बेहद छोटे आकार के बावजूद इसकी सक्रियता और ठंडे वातावरण में जीवित रहने की क्षमता इसे विशिष्ट बनाती है। सिर पर मौजूद सुनहरी मुकुट जैसी कलगी इसकी सबसे बड़ी पहचान है। यह मुख्य रूप से शंकुधारी वनों में पाया जाता है और छोटे कीटों तथा मकड़ियों को अपना भोजन बनाता है।

यूरोपीय लोककथाओं में गोल्डक्रेस्ट को किंग ऑफ बर्ड्स यानी पक्षियों का राजा कहा जाता है। इसके पीछे एक रोचक कहानी प्रचलित है। मान्यता है कि पक्षियों के बीच सबसे ऊंची उड़ान भरने की प्रतियोगिता में गरुड़ सबसे ऊपर पहुंचा, लेकिन उसके पंखों में छिपे गोल्डक्रेस्ट ने उससे भी ऊपर उड़कर यह उपाधि हासिल कर ली। हालांकि यह केवल लोककथा है, वैज्ञानिक तथ्य नहीं है।

काई और मकड़ी के जाल से तैयार करता है अपना घोंसला
गोल्डक्रेस्ट का घोंसला बनाने का तरीका भी इसकी अनुकूलन क्षमता का अनूठा उदाहरण है। यह स्प्रूस सहित अन्य शंकुधारी वृक्षों की लटकती शाखाओं के बीच अपना घोंसला बनाता है। इसके निर्माण में काई, लाइकेन, मकड़ी के जाल और कैटरपिलर के कोकून का इस्तेमाल करता है।

इन प्राकृतिक सामग्रियों को आपस में बुनकर मजबूत और लचीला घोंसला तैयार करता है। घोंसले के भीतरी हिस्से में मुलायम पशु बालों की परत बिछाई जाती है, जो अंडों और बच्चों को ठंड से बचाती है। पेड़ों की घनी शाखाएं इसे हवा, वर्षा और संभावित शिकारियों से सुरक्षा प्रदान करती हैं।

हिमालय की जैव विविधता का महत्वपूर्ण संकेत
विंग्स फाउंडेशन के जगदीश भट्ट ने दारमा घाटी में गोल्डक्रेस्ट के अवलोकन को हिमालय की समृद्ध जैव विविधता के लिहाज से महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि इतने छोटे आकार के पक्षी की उच्च हिमालयी क्षेत्र में मौजूदगी प्रकृति की विविधता को करीब से समझने का अवसर देती है।

दारमा घाटी के शंकुधारी वन, भोजपत्र, ब्लू पाइन और जुनिपर जैसे वृक्ष एवं झाड़ियां अनेक पक्षियों के लिए अनुकूल प्राकृतिक आवास उपलब्ध कराते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे पक्षियों का नियमित अवलोकन और वैज्ञानिक दस्तावेजीकरण जरूरी है। इससे उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पक्षियों के वितरण, प्रवास और प्राकृतिक आवासों की जानकारी जुटाने में मदद मिलेगी। विकास और पर्यटन गतिविधियों के साथ इन प्राकृतिक आवासों का संरक्षण भी प्राथमिकता होनी चाहिए।

Related Articles

Back to top button