यमकेश्वर में तीन दिवसीय विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर बुधवार से शुरू, 14 अगस्त तक चलेगा स्वास्थ्य शिविर

यमकेश्वर, 12 अगस्त, 26. मुख्यमंत्री के निर्देशन में सेवा, सुशासन एवं समर्पण के संकल्प के साथ स्वास्थ्य सेवा सप्ताह के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र यमकेश्वर में तीन दिवसीय विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर का बुधवार को शुभारंभ हुआ। यमकेश्वर विधायक रेनू बिष्ट ने शिविर का उद्घाटन किया। 12 से 14 अगस्त तक चलने वाले शिविर के पहले दिन 209 लोगों ने विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना
शिविर का उद्देश्य ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को उनके क्षेत्र में ही विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें उपचार के लिए दूर-दराज के अस्पतालों का रुख न करना पड़े। विधायक रेनू बिष्ट ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा जनपद एवं विकासखंड स्तर पर ऐसे विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
शिविर में ईएनटी, स्त्री रोग सहित निशुल्क एक्सरे की सुविधा
शिविर में नेत्र रोग, हड्डी रोग, नाक-कान-गला (ईएनटी), जनरल मेडिसिन एवं स्त्री रोग सहित विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों का परीक्षण कर आवश्यक परामर्श एवं उपचार दिया। इसके साथ ही निःशुल्क एक्स-रे, प्रयोगशाला जांच, गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच, टीबी स्क्रीनिंग और गैर-संचारी रोग (एनसीडी) स्क्रीनिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।
पहले दिन 209 लोगों ने लिया स्वास्थ्य लाभ
पहले दिन 42 लोगों की एनसीडी स्क्रीनिंग, 8 लोगों की टीबी जांच और 30 लोगों की प्रयोगशाला जांच की गई। ईएनटी विशेषज्ञ से 20, हड्डी रोग विशेषज्ञ से 21, जनरल फिजिशियन से 72 तथा नेत्र रोग विशेषज्ञ से 55 लोगों ने परामर्श लिया। वहीं 13 लोगों को एक्स-रे की सुविधा मिली, जबकि 41 महिलाओं का स्त्री रोग विशेषज्ञ द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
शिविर में अधिकाधिक लोगों से पहुंचने की अपील
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार शिविर में आगामी दो दिनों में भी विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा लोगों को निःशुल्क परामर्श एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। विभाग ने क्षेत्रवासियों से शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है।
इस अवसर पर प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. शुभम मुयाल, डॉ. समीक्षा, डॉ. जयशंकर, डॉ. मोहित, डॉ. अगमकांत, डॉ. अंशिका, ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक पंकज नौटियाल, दीपिका कपरवान, मुकेश चमोली सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



