उत्तराखंडदेश-विदेशबड़ी खबरमनोरंजनयूथ कार्नरशिक्षासामाजिक

जयपुर में आयोजित ग्रैंड फिनाले में देशभर की 51 सुंदरियों को पछाड़ कर 4th रनर-अप रहीं उत्तराखंड की अनुभा वशिष्ठ

देहरादून, 25 अगस्त, 26. मिस यूनिवर्स इंडिया 2026 के ग्रैंड फिनाले में देहरादून की बेटी अनुभा वशिष्ठ ने चौथी रनर-अप का खिताब हासिल कर पूरे उत्तराखंड का मान बढ़ाया है। 23 अगस्त को जयपुर स्थित जी स्टूडियो में आयोजित इस भव्य प्रतियोगिता में देश भर से आई 51 सुंदरियों ने भाग लिया था। लगभग 40 दिनों तक चले इस कठिन मुकाबले में अनुभा ने अपने आत्मविश्वास, उत्कृष्ट संवाद कौशल, आकर्षक व्यक्तित्व और शानदार मंचीय प्रस्तुति के दम पर खास पहचान बनाई। ग्रैंड फिनाले 23 अगस्त को जयपुर स्थित जी स्टूडियोज में आयोजित किया गया था।

40 दिन तक चली प्रतियोगिता ने आत्मविश्वास को निखारा
राष्ट्रीय मंच पर उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करते हुए अनुभा ने अपनी पहाड़ी जड़ों और सांस्कृतिक पहचान को गर्व के साथ प्रस्तुत किया। उनके लिए यह उपलब्धि पेजेंट करियर का एक बेहद महत्वपूर्ण पड़ाव साबित हुई है। अपनी इस यात्रा के बारे में बात करते हुए अनुभा ने कहा कि 40 दिनों का यह सफर उनके लिए केवल एक प्रतियोगिता भर नहीं था, बल्कि खुद की क्षमताओं को गहराई से पहचानने और अपने आत्मविश्वास को निखारने का एक अद्भुत अनुभव रहा।

अपने पिता का जताया आभार
अपनी इस सफलता पर भावुक होकर अनुभा ने अपने पिता के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि उनके पिता ने समाज की संकीर्ण धारणाओं और रूढ़िवादिता की परवाह किए बिना हमेशा उन्हें अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित किया। जीत के दबाव के बजाय उन्होंने हमेशा अपना शत-प्रतिशत देने की सीख दी। अनुभा ने कहा कि उनके पिता के लिए वह बचपन से ही मिस यूनिवर्स रही हैं और इसी भरोसे के साथ वह प्रतियोगिता में आगे बढ़ती गईं।

उर्वशी रौतेला के बाद प्रदेश की दूसरी प्रतिभागी बनीं
उत्तराखंड के लिए यह बेहद गौरव का क्षण माना जा रहा है। प्रसिद्ध अभिनेत्री उर्वशी रौतेला के बाद अनुभा वशिष्ठ राज्य की दूसरी ऐसी प्रतिभागी बन गई हैं, जिन्होंने मिस यूनिवर्स इंडिया जैसी प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शीर्ष स्तर तक पहुंचकर यह बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उनकी यह सफलता साबित करती है कि पहाड़ की बेटियां बड़े सपने देखकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी अलग पहचान बना सकती हैं।

टाप 5 फाइनलिस्ट
काजिया लिज मैजो केरल की विजेता रही। दूसरे नंबर पर वैष्णवी- तमिलनाडु, तीसरे नंबर पर अनुश्री सतावलेकर- गुजरात, चौथे नंबर तेजस्विनी श्रीवास्तव- महाराष्ट्र और पांचवें नंबर पर रहीं उत्तराखंड की अनुभा वशिष्ठ। अनुभा वशिष्ठ ने इससे पहले मिस यूनिवर्स उत्तराखंड 2026 का जीता था।

Related Articles

Back to top button